SECL और सीडब्ल्यूसी के बीच रणनीतिक एमओयू, कोयला परिवहन और रेल लॉजिस्टिक्स को मिलेगा नया बल - vedantsamachar.in

SECL और सीडब्ल्यूसी के बीच रणनीतिक एमओयू, कोयला परिवहन और रेल लॉजिस्टिक्स को मिलेगा नया बल

बिलासपुर, 28 मई 2026 (वेदांत समाचार)। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) और सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (सीडब्ल्यूसी) के बीच कोयला लॉजिस्टिक्स और रेल परिवहन व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस रणनीतिक साझेदारी के जरिए कोयला निकासी क्षमता बढ़ाने तथा विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों को निर्बाध ईंधन आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में अहम पहल की गई है।

कोयला मंत्रालय के मार्गदर्शन में एसईसीएल लगातार देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने के लिए कार्य कर रहा है। इसी क्रम में सीडब्ल्यूसी के साथ यह समझौता किया गया है, जिसके तहत जीपीडब्ल्यूआईएस एवं समकक्ष योजनाओं के अंतर्गत रेलवे रेक उपलब्धता, एकीकृत कोयला परिवहन सेवाएं और आधुनिक लॉजिस्टिक्स समाधान विकसित किए जाएंगे।

एमओयू का मुख्य उद्देश्य बिजली, इस्पात, सीमेंट सहित अन्य प्रमुख औद्योगिक क्षेत्रों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए विश्वसनीय और समर्पित रेल लॉजिस्टिक्स व्यवस्था तैयार करना है। इसके तहत समर्पित रेलवे रेक संचालन, मल्टीमॉडल लॉजिस्टिक्स, फर्स्ट-माइल और लास्ट-माइल कनेक्टिविटी, डिजिटल मॉनिटरिंग सिस्टम तथा परिचालन दक्षता बढ़ाने जैसे क्षेत्रों में दोनों संस्थाएं मिलकर कार्य करेंगी।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत एसईसीएल और सीडब्ल्यूसी संयुक्त रूप से दीर्घकालिक परिवहन समाधान विकसित करेंगे, जिससे डिस्पैच क्षमता बढ़ेगी और लॉजिस्टिक बाधाओं में कमी आएगी। इससे कोयला आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुचारू और प्रभावी बनने की उम्मीद है।

यह समझौता एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक हरीश दुहन तथा सीडब्ल्यूसी के प्रबंध निदेशक संतोष सिन्हा की उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस अवसर पर एसईसीएल के कार्यात्मक निदेशक, वरिष्ठ अधिकारी एवं सीडब्ल्यूसी के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि एसईसीएल देश की बढ़ती कोयला मांग को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कोल इंडिया लिमिटेड ने 100 मिलियन टन उत्पादन का आंकड़ा पार किया है, जिसमें एसईसीएल ने 26.8 मिलियन टन से अधिक उत्पादन कर अग्रणी योगदानकर्ता के रूप में अपनी भूमिका निभाई है।

वहीं, सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉर्पोरेशन (सीडब्ल्यूसी) भारत सरकार के अधीन एक नवरत्न केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम है, जिसे एकीकृत लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग सेवाओं और रेल आधारित माल परिवहन के क्षेत्र में व्यापक अनुभव प्राप्त है।