नई दिल्ली,28 मई : राजस्थान रॉयल्स ने आईपीएल 2026 के दूसरे क्वालिफायर में अपनी जगह बना ली है. एलिमिनेटर मैच में सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर राजस्थान ने ये सफलता हासिल की और अब फाइनल में पहुंचने के लिए उसे गुजरात टाइटंस से पार पाना होगा. मगर टीम की इस सफलता के बीच स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल चर्चा में आ गए हैं और ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें टीम बदलने की सलाह मिल रही है. जायसवाल को ये सलाह दी है पूर्व भारतीय बल्लेबाज अंबाती रायुडू ने, जिनका मानना है कि वैभव सूर्यवंशी के धमाके के सामने जायसवाल की चमक फीकी पड़ रही है.
इस पूरे सीजन में वैभव सूर्यवंशी ने लगातार जोरदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान को विस्फोटक शुरुआत दिलाई है. उनके सामने यशस्वी जायसवाल का प्रदर्शन इस सीजन में उतार-चढ़ाव भरा रहा है. एलिमिनेटर में जहां वैभव ने 29 गेंदों पर 97 रन कूटे तो वहीं जायसवाल ने 29 गेंदों में 29 ही रन बनाए. कुछ मौकों पर उन्होंने ताबड़तोड़ बैटिंग की भी लेकिन दूसरी ओर से उनके युवा ओपनिंग पार्टनर सूर्यवंशी का बल्ला गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा रहा है. ऐसे में पिछले सीजन तक जो चर्चा और फोकस जायसवाल को मिलता था, वो पूरी तरह वैभव पर शिफ्ट हो गया है. ऐसे में जायसवाल इस लाइमलाइट में कहीं गायब नजर आ रहे हैं.
जायसवाल को लेकर क्या बोले रायुडू?
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के बाद जायसवाल को लेकर ऐसी ही एक चर्चा ईएसपीएन-क्रिकइंफो के एक कार्यक्रम में छिड़ी, जहां रायुडू ने सलाह दी कि स्टार बल्लेबाज को टीम बदलनी चाहिए. रायुडू ने कहा कि जायसवाल को टीम बदलने की जरूरत है क्योंकि वो लगातार सूर्यवंशी के साथ बैटिंग करते नहीं रह सकते. इसकी वजह बताते हुए रायुडू ने कहा कि जायसवाल अपने आप में एक स्टार हैं और ऐसे में हर बार वो वैभव की परछाई में नहीं छुप सकते.
पूर्व भारतीय बल्लेबाज का मानना है कि अगर जायसवाल राजस्थान छोड़कर किसी अन्य टीम में शामिल होते हैं तो वो वहां अपने दम पर मैच जीत कर दिखा सकते हैं और इसके लिए उन्हें टीम में वैसी जगह चाहिए, जहां वो स्टार रहें. रायुडू ने ये सुझाव भी दिया कि जिस तरह की बैटिंग वैभव कर रहे हैं, उसको देखते हुए उनके साथ एक अनुभवी ओपनिंग पार्टनर की जरूरत है, जो ताबड़तोड़ बैटिंग के मामले में 15 साल के बल्लेबाज से मुकाबला करने की न सोचे.
किस टीम में जा सकते हैं जायसवाल?
तो फिर जायसवाल को किस टीम में शामिल होना चाहिए? रायुडू का मानना है कि उनके लिए मुंबई इंडियंस सबसे अच्छी टीम साबित होगी और उन्हें वहां जाना चाहिए. मगर क्या मुंबई में जायसवाल के लिए जगह है भी? अगर देखा जाए तो 24 साल के इस बल्लेबाज के लिए मुंबई सबसे अच्छा विकल्प है क्योंकि वो घरेलू क्रिकेट में भी मुंबई के लिए ही खेलते हैं. ऐसे में उनके लिए ये टीम एक घर जैसी होगी और उन्हें लोकल फैंस का अच्छा सपोर्ट मिलेगा.
वानखेडे स्टेडियम में वो वैसे भी कई शानदार पारियां खेल चुके हैं. इतना ही नहीं, रोहित शर्मा की फिटनेस और फॉर्म को देखते हुए मुंबई को एक युवा भारतीय ओपनर की जरूरत पड़ सकती है और इसके लिए जायसवाल से बेहतर विकल्प शायद ही कोई हो. ये दोनों के लिए ही फायदे का सौदा साबित हो सकता है.
जायसवाल का राजस्थान के लिए रिकॉर्ड
इस सीजन में जायसवाल का प्रदर्शन पिछले सीजन की तुलना में थोड़ा फीका ही नजर आया है. हालांकि उन्होंने राजस्थान के लिए कुछ अहम पारियां खेली हैं. आईपीएल 2026 में अब तक जायसवाल के बल्ले से 15 मैच मे 426 रन निकले हैं, जहां उनका औसत 32.77 का और स्ट्राइक रेट 153.23 का ही रहा है. ओवरऑल IPL करियर की बात करें तो यशस्वी जायसवाल 2020 से ही राजस्थान का हिस्सा रहे हैं. इस दौरान अब तक उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए 82 मैच खेलकर 2,592 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 18 अर्धशतक शामिल हैं. उन्होंने ही 13 गेंदों पर सबसे तेज IPL अर्धशतक का रिकॉर्ड बनाया था, जो अभी भी कायम है.

