राजनांदगांव, 28 मई (वेदांत समाचार)। जिले में ड्यूटी के दौरान थाना परिसर में शराब पीना दो प्रधान आरक्षकों को भारी पड़ गया। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने दोनों प्रधान आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार सोमनी थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक हेमंत अनंत और भूपेंद्र कौचे 25 मई की रात करीब 11 बजे थाना बैरक में शराब पीते पाए गए। मामले की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचने के बाद जांच की गई, जिसमें दोनों पुलिसकर्मियों की लापरवाही सामने आई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसपी अंकिता शर्मा ने दोनों प्रधान आरक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। इस संबंध में आदेश भी जारी कर दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार निलंबन अवधि के दौरान दोनों पुलिसकर्मियों को मुख्यालय नहीं छोड़ने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस विभाग की इस कार्रवाई को अनुशासनहीनता के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

