एबी डी विलियर्स बने काबुनी के सुपर कोच, अब युवा खिलाड़ियों को मिलेगी AI आधारित विश्वस्तरीय क्रिकेट ट्रेनिंग - vedantsamachar.in

एबी डी विलियर्स बने काबुनी के सुपर कोच, अब युवा खिलाड़ियों को मिलेगी AI आधारित विश्वस्तरीय क्रिकेट ट्रेनिंग

नई दिल्ली। एआई आधारित स्पोर्ट्स टेक्नोलॉजी प्लेटफॉर्म काबुनी ने क्रिकेट ट्रेनिंग को नई दिशा देने के उद्देश्य से दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज एबी डी विलियर्स को अपना सुपर कोच नियुक्त किया है। कंपनी ने इस साझेदारी की घोषणा करते हुए कहा कि अब युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय क्रिकेट ट्रेनिंग और डेटा आधारित कोचिंग का लाभ मिलेगा।

काबुनी पहले से ही पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वाटसन जैसे दिग्गज खिलाड़ियों को अपने सुपर कोच पैनल में शामिल कर चुका है। अब एबी डी विलियर्स के जुड़ने से कंपनी के ग्लोबल क्रिकेट कोचिंग मिशन को और मजबूती मिलेगी।

कंपनी के अनुसार, यह प्लेटफॉर्म अत्याधुनिक AI तकनीक की मदद से खिलाड़ियों की मूवमेंट और बॉल ट्रैकिंग को रियल टाइम में मॉनिटर करता है और उसे आसान व उपयोगी फीडबैक में बदलता है। काबुनी का “1% इम्प्रूवमेंट मॉडल” खिलाड़ियों की छोटी-छोटी गलतियों को सुधारने पर फोकस करता है, जिससे समय के साथ प्रदर्शन में बड़ा बदलाव देखने को मिलता है।

काबुनी ने जानकारी दी कि भारत में 12 से 16 वर्ष के युवा खिलाड़ियों के लिए जून 2026 में एक राष्ट्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। इस टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को एबी डी विलियर्स की टीम के लिए खेलने का मौका मिल सकता है।

प्लेटफॉर्म वॉइस, वीडियो और विजुअल संकेतों को जोड़कर खिलाड़ियों को ऐसा फीडबैक देता है, जिसे वे आसानी से समझ और तुरंत लागू कर सकें। कंपनी का कहना है कि यह तकनीक खासतौर पर युवा और उभरते खिलाड़ियों के लिए ट्रेनिंग को अधिक प्रभावी और आसान बनाती है।

एबी डी विलियर्स ने इस साझेदारी पर कहा कि क्रिकेट हमेशा उनके लिए खुद को अभिव्यक्त करने का माध्यम रहा है। उन्होंने कहा कि काबुनी युवा खिलाड़ियों को अपने खेल को बेहतर तरीके से समझने और अपनी क्षमता पहचानने का मंच दे रहा है। उन्होंने कहा कि वह अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को अलग सोचने और खुलकर खेलने के लिए प्रेरित करना चाहते हैं।

काबुनी के संस्थापक और सीईओ निमेश पटेल ने कहा कि एबी डी विलियर्स खेल को नए नजरिए से देखने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं। दबाव में शानदार प्रदर्शन करने की उनकी क्षमता कंपनी के विजन से मेल खाती है। उन्होंने कहा कि काबुनी ऐसा प्लेटफॉर्म तैयार कर रहा है जो खिलाड़ियों को तकनीकी, मानसिक और रचनात्मक रूप से मजबूत बनाएगा।

कंपनी के अनुसार, काबुनी का उद्देश्य तकनीक आधारित ग्लोबल क्रिकेट कोचिंग इकोसिस्टम तैयार करना है, जो जमीनी स्तर के खिलाड़ियों और पेशेवर क्रिकेट के बीच की दूरी को कम कर सके।