जांजगीर-चांपा में सड़क पर झपटमारी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर से रास्ता रोककर युवक से छीने थे रुपये - vedantsamachar.in

जांजगीर-चांपा में सड़क पर झपटमारी करने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार, ट्रैक्टर से रास्ता रोककर युवक से छीने थे रुपये

जांजगीर-चांपा, 28 मई (वेदांत समाचार)। चांपा थाना क्षेत्र में सड़क पर झपटमारी और मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के चंद घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने ट्रैक्टर से रास्ता रोककर युवक के साथ मारपीट की थी और उसकी जेब से 2500 रुपये छीनकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सिवनी निवासी संजय शर्मा ने 26 मई 2026 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि 26 मई की रात करीब 8:45 बजे वह एक्टिवा से सिवनी से चांपा की ओर आ रहे थे। इसी दौरान सिवनी-जगदल्ला मार्ग पर पीछे से आ रहे एक ट्रैक्टर ने पूरी सड़क घेर ली। हादसे से बचने के लिए उन्हें अपनी गाड़ी खेत की ओर उतारनी पड़ी।

प्रार्थी जब सिंचाई विभाग कार्यालय चौक के पास पहुंचे तो उन्होंने ट्रैक्टर का फोटो और वीडियो बनाना शुरू किया। इसी बात से नाराज होकर ट्रैक्टर चालक और उसके साथ मौजूद अन्य युवकों ने गाली-गलौच करते हुए उनके साथ मारपीट की। आरोपियों ने उनकी जेब से करीब 2500 रुपये छीन लिए और गाड़ी की चाबी छीनने की भी कोशिश की।

मामले की शिकायत पर थाना चांपा पुलिस ने अपराध क्रमांक 264/26 के तहत धारा 304(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में थाना चांपा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गवाहों के बयान और मुखबिर की सूचना के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपियों ने घटना को स्वीकार कर लिया। उन्होंने बताया कि छीने गए 2500 रुपये में से 1500 रुपये ट्रैक्टर में डीजल भराने और 500 रुपये खाने-पीने में खर्च कर दिए गए। पुलिस ने शेष 500 रुपये बरामद कर लिए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश कुमार देवांगन निवासी राजापारा चांपा, अमर सिंह सिदार निवासी जगदल्ला चांपा और राहुल यादव निवासी जगदल्ला थाना चांपा शामिल हैं। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी चांपा निरीक्षक अशोक वैष्णव, प्रधान आरक्षक गणेश कौशिक, आदित्य प्रताप सिंह, कैलाश यादव और थाना चांपा स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।