IPL 2026: ‘रिकॉर्ड नहीं, ट्रॉफी चाहिए’… 97 रन पर शतक से चूके वैभव सूर्यवंशी का बड़ा बयान - vedantsamachar.in

IPL 2026: ‘रिकॉर्ड नहीं, ट्रॉफी चाहिए’… 97 रन पर शतक से चूके वैभव सूर्यवंशी का बड़ा बयान

नई दिल्ली,28 मई : Vaibhav Suryavanshi: IPL 2026 के प्लेऑफ में राजस्थान रॉयल्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को हराकर धमाकेदार अंदाज में क्वालिफायर-2 में जगह बना ली है। इस जीत के सबसे बड़े हीरो रहे 15 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी, जिन्होंने सिर्फ 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का पूरा रुख बदल दिया। हालांकि वैभव महज 3 रन से शतक से चूक गए, लेकिन मैच के बाद उनका बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने वैभव सूर्यवंशी ने साफ कहा कि उनका लक्ष्य रिकॉर्ड बनाना नहीं, बल्कि राजस्थान रॉयल्स को IPL ट्रॉफी जिताना है। उन्होंने कहा, “शतक आगे भी बन जाएंगे, लेकिन अभी सबसे जरूरी टीम की जीत और ट्रॉफी है।” युवा बल्लेबाज की यह सोच क्रिकेट फैंस और पूर्व खिलाड़ियों को काफी प्रभावित कर रही है।

वैभव ने मैच के बाद कहा कि वह ज्यादा रिकॉर्ड्स के बारे में नहीं सोचते और हमेशा मौजूदा मैच पर फोकस रखते हैं। उन्होंने बताया कि बल्लेबाजी से पहले वह विरोधी गेंदबाजों, पिच और मैदान की बाउंड्री का अध्ययन करते हैं, ताकि शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखा सकें। उनका मानना है कि सकारात्मक इरादे के साथ बल्लेबाजी करने से दबाव गेंदबाजों पर चला जाता है।

सबसे दिलचस्प बात यह रही कि वैभव को अपने सबसे तेज शतक के करीब पहुंचने का अंदाजा तब हुआ जब वह आउट हो चुके थे। उन्होंने कहा कि उस समय उनका पूरा ध्यान सिर्फ टीम के लिए तेजी से रन बनाने पर था।

राजस्थान रॉयल्स अब शुक्रवार को क्वालिफायर-2 में गुजरात टाइटन्स से भिड़ेगी। यह मुकाबला भी मुल्लांपुर के उसी मैदान पर खेला जाएगा, जहां RR ने हैदराबाद को एकतरफा अंदाज में हराया था। टीम शानदार फॉर्म में नजर आ रही है। बल्लेबाजी में वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल और ध्रुव जुरेल लगातार रन बना रहे हैं, जबकि गेंदबाजी में जोफ्रा आर्चर की रफ्तार विरोधी टीमों के लिए खतरा बनी हुई है।

अब क्रिकेट फैंस की नजरें राजस्थान और गुजरात के बीच होने वाले हाईवोल्टेज मुकाबले पर टिकी हैं। अगर RR इसी लय में खेलती रही, तो टीम के लिए फाइनल का टिकट ज्यादा दूर नहीं दिखाई दे रहा।