रिश्ते कलंकित! चॉकलेट खिलाने के बहाने सगे चाचा ने किया मासूम का रेप, हुआ फरार

मध्य प्रदेश के उज्जैन में रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। उज्जैन के चिमनगंज थाना क्षेत्र में एक चाचा ने अपनी ही सात साल की भतीजी के साथ दुष्कर्म कर डाला। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी फरार है।

जानकारी के मुताबिक, चिमनगंज इलाके की रहने वाली एक महिला गुरुवार दोपहर 3 बजे के करीब बापू नगर स्थित देवर के घर पर भतीजी को मिलाने लेकर आई थी। इस दौरान सहेली का फोन आने पर महिला भतीजी को देवर के पास छोड़कर सहेली से मिलने चली गई। उस दौरान देवर घर पर अकेला था। तभी देवर भतीजी को चॉकलेट खिलाने के बहाने अंदर कमरे में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म करने के बाद फरार हो गया। बताया जा रहा है कि चाचा नशे का भी आदी है और पूर्व में चिमनगंज थाने में उसके खिलाफ मारपीट, जहरीली शराब बेचने जैसे केस भी दर्ज हैं।

बच्ची का इलाज जारी


पड़ोसियों ने घर के बाहर बच्ची (भतीजी) को रोते देखा। बच्ची की नाक से खून बह रहा था और उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे। जिसके बाद बच्ची की मां को फोन लगाकर बुलाया गया। मां घर आई तो बच्ची ने बताया कि चाचा कमरे में ले गए थे, वहां उन्होने गंदा काम किया। बच्ची के परिजन तत्काल उसे लेकर चिमनगंज थाने पहुंचे और पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने दुष्कर्म ओर पॉक्सो ऐक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज करते हुए बालिका को इलाज व मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।

पहले से भी आरोपी पर दर्ज हैं कई केस


थाना प्रभारी जितेंद्र भास्कर ने बताया कि मां बच्ची को लेकर थाने पहुंची थी। महिला ने अपने 25 वर्षीय देवर पर दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। आरोपी नशे का आदी है और उसके खिलाफ पूर्व में भी जहरीली शराब बेचने और मारपीट करने के कई केस दर्ज हैं। आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। महिला की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो ऐक्ट और दुष्कर्म की धारा के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।