Patiala Neela Drum Murder: पंजाब के पटियाला में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब अर्बन स्टेट इलाके में DCW पोल के पास एक नीले रंग के ड्रम में युवती का शव मिला। मृतका की उम्र 15 से 20 साल के बीच बताई जा रही है। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में हत्या कर शव को ड्रम में भरकर फेंकने की आशंका जताई जा रही है।
घटना पटियाला के अर्बन स्टेट इलाके की है, जहां लोगों ने सड़क किनारे पड़े एक नीले ड्रम से बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ड्रम खोलकर देखा तो उसके अंदर एक युवती का शव मिला। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
पुलिस के मुताबिक मृतका के एक हाथ पर “नेहा” नाम का टैटू बना हुआ है, जबकि दूसरी बांह पर दिल का निशान बना मिला है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इन टैटू के जरिए युवती की पहचान करने में मदद मिल सकती है। फिलहाल शव को सरकारी राजिंदरा अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।
हत्या कर शव ठिकाने लगाने की आशंका
प्रारंभिक जांच में पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। माना जा रहा है कि युवती की हत्या के बाद शव को छिपाने की नीयत से ड्रम में भरकर सुनसान इलाके में फेंका गया। हालांकि पुलिस फिलहाल हर एंगल से जांच कर रही है और किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया गया है।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद फोरेंसिक टीम ने मौके से कई अहम सबूत जुटाए हैं। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ड्रम वहां कौन लेकर आया था। साथ ही इलाके में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की भी जांच की जा रही है।
इलाके में दहशत, जल्द खुलासे का दावा
मामले को लेकर पुलिस अधिकारी गुरविंदर सिंह ने कहा कि युवती की पहचान और आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में डर और दहशत का माहौल है।

