प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहा था पति, प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की हत्या, नाले के पास गड्ढा खोदकर दफनाई लाश - vedantsamachar.in

प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहा था पति, प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने की हत्या, नाले के पास गड्ढा खोदकर दफनाई लाश

रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। प्रेम प्रसंग में बाधा बन रहे पति को रास्ते से हटाने के लिए पत्नी ने कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। आरोप है कि प्रेमी ने अपने एक साथी के साथ मिलकर युवक की हत्या की और शव को जमीन में दफना दिया।

करीब तीन महीने बाद पुलिस जांच में इस हत्याकांड का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने गड्ढे से मृतक का कंकाल और कपड़े बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेज दिए हैं। मामले में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी अब भी फरार है।

मामला सतना जिले के रामपुर बघेलान थाना क्षेत्र के मोहार टोला भगदेवरा गांव निवासी 20 वर्षीय विपिन कुमार यादव से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, 26 मार्च को विपिन अपने ससुराल टीकर, गोविंदगढ़ आया था। इसी दौरान गांव का रहने वाला सुनील कुशवाहा उसे अपने साथ ले गया, जिसके बाद वह रहस्यमय ढंग से लापता हो गया। परिजनों ने 28 मार्च को रामपुर बघेलान थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

जांच के दौरान पुलिस को लगातार अहम सुराग मिलते रहे। संदेह के आधार पर एक आरोपी से पूछताछ की गई, जिसने पूरे हत्याकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस के अनुसार, सुनील कुशवाहा का मृतक की पत्नी से कथित प्रेम संबंध था और इसी वजह से पति की हत्या की साजिश रची गई। आरोप है कि विपिन की हत्या उसके ससुराल टीकर में करने के बाद शव को आरोपी के घर से करीब 300 मीटर दूर नाले के पास गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।

कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस ने मौके पर खुदाई कराई, जहां से करीब तीन महीने पुराना कंकाल और मृतक के कपड़े बरामद हुए। बरामद अवशेषों को पोस्टमार्टम के लिए रीवा के संजय गांधी अस्पताल भेजा गया है। फिलहाल रामपुर बघेलान पुलिस ने मृतक की पत्नी और मुख्य आरोपी सुनील कुशवाहा को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि वारदात में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।