पटना में रे नियो फार्मा की एंट्री, बिहार के टियर-2 और टियर-3 शहरों तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं पहुंचाने पर फोकस - vedantsamachar.in

पटना में रे नियो फार्मा की एंट्री, बिहार के टियर-2 और टियर-3 शहरों तक सस्ती और गुणवत्तापूर्ण दवाएं पहुंचाने पर फोकस

पटना, 27 मई (वेदांत समाचार)। अगली पीढ़ी की फार्मास्युटिकल कंपनी रे नियो फार्मा ने पटना में अपने संचालन की औपचारिक शुरुआत कर दी है। कंपनी का उद्देश्य बिहार और आसपास के टियर-2 एवं टियर-3 शहरों में किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच को मजबूत करना है।

पटना में आयोजित प्रेस मीट के दौरान कंपनी की नेतृत्व टीम ने अपनी दीर्घकालिक स्वास्थ्य रणनीति, क्षेत्रीय विस्तार योजनाओं और मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के विजन की जानकारी दी। कंपनी ने पटना को अपनी उत्तर भारत रणनीति का प्रमुख केंद्र बताते हुए इसे पूर्वी भारत के अहम मेडिकल और रेफरल हब के रूप में विकसित करने की बात कही।

कंपनी के अनुसार बिहार में क्रॉनिक और लाइफस्टाइल से जुड़ी बीमारियों में बढ़ोतरी, स्वास्थ्य जागरूकता में इजाफा और भरोसेमंद इलाज की बढ़ती मांग के कारण स्वास्थ्य क्षेत्र तेजी से विस्तार कर रहा है। ऐसे में रे नियो फार्मा मजबूत डिस्ट्रीब्यूशन नेटवर्क, डॉक्टरों के साथ साझेदारी और दवाओं की नियमित उपलब्धता पर फोकस करेगी।

रे नियो फार्मा ने बताया कि उसका पोर्टफोलियो 90 से अधिक फॉर्मूलेशंस पर आधारित है, जिसमें एंटीबायोटिक्स, एंटी-डायबिटिक दवाएं, गैस्ट्रो-इंटेस्टाइनल ट्रीटमेंट, दर्द एवं ऑर्थोपेडिक मैनेजमेंट, रेस्पिरेटरी और एलर्जी केयर, कार्डियक थेरेपी तथा डर्मेटोलॉजी जैसी प्रमुख थेरेपी शामिल हैं। कंपनी उन्नत फॉर्मूलेशंस की नई पाइपलाइन पर भी काम कर रही है।

कंपनी के फाउंडर अमित पाटनी ने कहा कि बिहार का स्वास्थ्य परिदृश्य तेजी से बदल रहा है और पटना पूर्वी भारत के प्रमुख हेल्थकेयर केंद्रों में उभर चुका है। उन्होंने कहा कि डायबिटीज, कार्डियक हेल्थ, गैस्ट्रो और रेस्पिरेटरी केयर जैसी थेरेपी में सस्ती और भरोसेमंद दवाओं की बड़ी जरूरत है, जिसे पूरा करने के लिए कंपनी डॉक्टरों और हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स के साथ मिलकर काम करेगी।

रे नियो फार्मा बिहार के अलावा उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और दिल्ली-एनसीआर समेत अन्य तेजी से बढ़ते स्वास्थ्य बाजारों में भी अपनी मौजूदगी मजबूत कर रही है। कंपनी ने कहा कि रिसर्च, गुणवत्ता और नैतिक स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष ध्यान देते हुए वह देशभर में डॉक्टरों और मरीजों के लिए भरोसेमंद हेल्थकेयर पार्टनर बनने की दिशा में काम कर रही है।