ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा और नशीले इंजेक्शन के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार – vedantsamachar.in

ऑपरेशन आघात के तहत रायगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, गांजा और नशीले इंजेक्शन के साथ 5 आरोपी गिरफ्तार

रायगढ़, 26 मई (वेदांत समाचार)। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत रायगढ़ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा और नशीले इंजेक्शन की अवैध बिक्री में शामिल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम ने बीड़पारा और रामलीला मैदान क्षेत्र में दबिश देकर 6.168 किलो गांजा, 24 नग बुट्रम इंजेक्शन, नगदी रकम और बाइक जब्त की है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। सीएसपी रायगढ़ मयंक मिश्रा और डीएसपी उन्नति ठाकुर के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने दोनों मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।

पुलिस को सूचना मिली थी कि बीड़पारा क्षेत्र में अवैध रूप से गांजा बिक्री की जा रही है। सूचना पर साइबर थाना और कोतवाली पुलिस की टीम ने इरशाद खान के मकान में छापा मारा। तलाशी के दौरान कमरे में रखी प्लास्टिक बोरी से 6 पैकेट गांजा बरामद किया गया, जिसका कुल वजन 6.168 किलो था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया।

पूछताछ में इरशाद खान ने बताया कि वह अपने साढ़ू मोहम्मद वसीम के साथ मिलकर गांजा बिक्री करता था। पुलिस ने जोगीडीपा से मोहम्मद वसीम को भी हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने ओडिशा से गांजा लाकर रायगढ़ में बेचने की बात स्वीकार की। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

दूसरी कार्रवाई में पुलिस को सूचना मिली कि रामलीला मैदान के पास कुछ युवक नाबालिग लड़कों को बुट्रम इंजेक्शन के जरिए नशा करा रहे हैं। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी, जहां कुछ युवक भाग निकले, जबकि सूरज पंडित और विमल केरकेट्टा को पकड़ लिया गया।

तलाशी के दौरान सूरज पंडित के कब्जे से 24 नग Butorphanol Tatrate Injection USP 2mg (Butrum), दो सिरिंज, ₹7370 नगद और मोबाइल फोन बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खरसिया निवासी सरोज यादव उर्फ बबलू यादव से इंजेक्शन खरीदने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने सरोज यादव को भी गिरफ्तार कर लिया और उसके कब्जे से ₹200 नगद बरामद किए।

पुलिस ने तीनों आरोपियों के कब्जे से नशीले इंजेक्शन, सिरिंज, कुल ₹7570 नगदी, मोबाइल फोन और अपाचे बाइक क्रमांक CG13AY3523 जब्त की है। आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और जेजे एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि रायगढ़ पुलिस नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। खासकर युवाओं और नाबालिग बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।