JSW MG Motor India ने अपनी नई एसयूवी MG Majestor का प्रोडक्शन गुजरात के हलोल प्लांट में आधिकारिक तौर पर शुरू कर दिया है. कंपनी जल्द ही इस दमदार एसयूवी को भारतीय बाजार में लॉन्च करेगी. MG Majestor को खास तौर पर ऑफ-रोडिंग के लिए तैयार किया गया है. इसमें ट्रिपल डिफरेंशियल लॉक, क्रॉल कंट्रोल और 810 मिमी तक पानी में चलने की क्षमता जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इसके अलावा SUV में कई प्रीमियम फीचर्स, एडवांस सेफ्टी टेक्नोलॉजी और लग्जरी सुविधाएं भी मिलेंगी, जिससे ये अपने सेगमेंट में एक मजबूत दावेदार बनकर सामने आएगी.
Fortuner को देगी टक्कर
एक फुल-साइज़ एसयूवी के रूप में पेश की गई एमजी मैजेस्टर, भारत में अभी के समय में बिकने वाली स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल्स से ऊपर एक फ्लैगशिप मॉडल के रूप में अपनी जगह बनाएगी. एमजी का दावा है कि ये अपनी कैटेगरी में सबसे लंबी, सबसे चौड़ी और सबसे ऊंची मॉडल है, साथ ही ये सेगमेंट की पहली एसयूवी है जिसमें फ्रंट, रियर और सेंटर डिफरेंशियल लॉक के साथ-साथ क्रॉल कंट्रोल की सुविधा भी दी गई है. इसका मुकाबला Fortuner के साथ होगा.
2.0 लीटर का ट्विन टर्बो डीजल इंजन
इस एसयूवी में 2.0 लीटर का ट्विन टर्बो डीजल इंजन लगा है जो 215.5 पीएस की पावर और 478.5 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है. इसमें फोर व्हील ड्राइव सिस्टम के साथ दस ऑफ-रोड मोड भी दिए गए हैं. इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 219 मिमी है और कंपनी का दावा है कि ये 810 मिमी तक पानी में चल सकती है. जिससे ये घरेलू बाजार में सबसे अधिक ऑफ-रोड क्षमता वाली प्रीमियम एसयूवी में जुड़ जाएगी.
गुजरात के हलोल प्लांट में प्रोडक्शन शुरू
MG Majestor का प्रोडक्शन गुजरात के हलोल प्लांट में शुरू हो गया है, जो JSW MG Motor India का प्रमुख मैन्युफैक्चरिंग सेंटर है. इसी प्लांट में कंपनी अपने कई दूसरे मॉडल भी तैयार करती है. MG का कहना है कि Majestor के निर्माण में आधुनिक क्वालिटी चेक सिस्टम और सटीक मैन्युफैक्चरिंग तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि ग्राहकों को दमदार SUV मिल सके.
पांच साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी
एमजी इस एसयूवी को “5 5 5” ओनरशिप पैकेज के साथ पेश कर रही है. इस पैकेज में पांच साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी, पांच साल की रोडसाइड असिस्टेंस और पांच मुफ्त सर्विस शामिल हैं. कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से 41,000 रुपये की बुकिंग अमाउंट के साथ ग्राहकों की प्री-बुकिंग शुरू हो चुकी है.

