अगर आप शहर में रोजाना ट्रैफिक और महंगे पेट्रोल से परेशान हैं, तो MG Comet EV आपके लिए एक अच्छा विकल्प हो सकती है. यह भारत की सबसे छोटी इलेक्ट्रिक कारों में से एक है. छोटी साइज होने की वजह से इसे भीड़भाड़ वाली सड़कों और तंग गलियों में चलाना आसान हो जाता है. लेकिन खरीदने से पहले इसकी कीमत, रेंज और फीचर्स जैसी कुछ जरूरी बातें जान लेना जरूरी है.
- MG Comet EV की कीमत
MG Comet EV की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 7.62 लाख रुपये है, जबकि इसके टॉप वेरिएंट की कीमत 9.99 लाख रुपये तक जाती है. कंपनी Battery-as-a-Service (BaaS) ऑप्शन भी देती है. इस प्लान में कार की शुरुआती कीमत घटकर 4.99 लाख रुपये हो जाती है, लेकिन बैटरी के लिए 3.20 रुपये प्रति किलोमीटर किराया देना पड़ता है. - बैटरी और ड्राइविंग रेंज
इस इलेक्ट्रिक कार में 17.3kWh बैटरी पैक मिलता है. इसमें लगा इलेक्ट्रिक मोटर 41.43 bhp की पावर और 110 Nm का टॉर्क देता है. कंपनी का दावा है कि MG Comet EV एक बार फुल चार्ज होने पर करीब 230 किलोमीटर तक की रेंज दे सकती है. - छोटी कार, आसान ड्राइविंग
MG Comet EV की लंबाई 2,974 mm, चौड़ाई 1,505 mm और ऊंचाई 1,640 mm है. इसका व्हीलबेस 2,010 mm है. खास बात यह है कि इसका टर्निंग रेडियस सिर्फ 4.2 मीटर है, जिससे तंग जगहों पर कार घुमाना काफी आसान हो जाता है. - बाहर से कैसी दिखती है?
MG Comet EV का डिजाइन बॉक्सी और अलग लुक वाला है. सामने की तरफ फुल-विड्थ LED लाइटबार दी गई है, जिसे कंपनी “Extended Horizon” कहती है. चार्जिंग पोर्ट आगे MG लोगो के नीचे दिया गया है. कार में 12-इंच अलॉय व्हील और पीछे भी कनेक्टेड LED लाइटबार मिलती है. - अंदर मिलते हैं कई स्मार्ट फीचर्स
कार के अंदर व्हाइट और ग्रे थीम वाला केबिन दिया गया है. इसमें 10.24-इंच डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और 10.24-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है. इसके अलावा वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay, कीलेस एंट्री, रियर पार्किंग कैमरा, स्टीयरिंग कंट्रोल, फोर-स्पीकर ऑडियो सिस्टम और लेदरेट सीट्स जैसे फीचर्स भी दिए गए हैं.

