KORBA BREAKING:महिला अधिवक्ता से मारपीट व प्रताड़ना, पति-सास-ससुर पर अपराध दर्ज – vedantsamachar.in

KORBA BREAKING:महिला अधिवक्ता से मारपीट व प्रताड़ना, पति-सास-ससुर पर अपराध दर्ज

कोरबा,26 मई (वेदांत समाचार)। शहर के सीएसईबी कॉलोनी निहारिका क्षेत्र में रहने वाली एक महिला अधिवक्ता ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर मारपीट एवं मानसिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है। मामले में पुलिस ने पति, सास और ससुर के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता 27 वर्षीय अधिवक्ता पिछले चार वर्षों से विधि व्यवसाय से जुड़ी हुई हैं। उनका विवाह वर्ष 2024 में सीएसईबी निवासी शुभम दास के साथ सामाजिक रीति-रिवाज से हुआ था। शिकायत में कहा गया है कि विवाह के बाद से ही पति कोई कामकाज नहीं करता और शराब पीने के लिए पत्नी से पैसे मांगता था। पैसे नहीं देने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी तथा जान से मारने की धमकी भी दी जाती थी।

महिला ने आरोप लगाया है कि उसके सास-ससुर भी पति को उकसाते थे और कहते थे कि उसे मार दो, दूसरी शादी करा दी जाएगी। पीड़िता के अनुसार 24 मई को पति ने शराब के नशे में उसके साथ मारपीट की। इससे पहले भी बेल्ट से पिटाई की गई थी। आरोप है कि मारपीट के दौरान सास-ससुर पति का समर्थन करते थे और कई बार उसे कमरे में बंद कर हाथ, मुक्का और लात से पीटा गया।

शिकायत में यह भी कहा गया है कि ससुराल पक्ष द्वारा उसे तलाक नहीं देने पर लगातार प्रताड़ित करने और मारपीट जारी रखने की धमकी दी जाती थी।

थाना सिविल लाइन रामपुर में दिए गए आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति शुभम दास, ससुर श्याम दास महंत और सास लक्ष्मी बाई के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।