मुर्दाघर में चोरी, शव से सोने का लॉकेट पार – vedantsamachar.in

मुर्दाघर में चोरी, शव से सोने का लॉकेट पार

जांजगीर-चांपा,25 मई (वेदांत समाचार)। बिर्रा-शिवरीनारायण मार्ग पर केरा गांव में तेज रफ्तार कैप्सूल गाड़ी की चपेट में आने से तीन साल के मासूम हर्ष श्रीवास की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। इधर, पोस्टमार्टम के दौरान बच्चे के गले से सोने का लॉकेट गायब हो गया। जानकारी के अनुसार छोटा हर्ष अपने पिता मनोज कुमार श्रीवास की सैलून दुकान के बाहर खड़ा था। तभी तेज रफ्तार वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में हर्ष गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद पिता अपने बेटे को लेकर नवागढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचे।

उन्हें उम्मीद थी कि उनका बेटा बच जाएगा, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रातभर बच्चे का शव अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया।परिजनों का आरोप है कि जब बच्चे को अस्पताल लाया गया था, तब उसके गले में सोने का लॉकेट मौजूद था। लेकिन अगले दिन पोस्टमार्टम के दौरान लॉकेट गायब मिला। इस घटना ने परिवार के गुस्से और दुख को बढ़ा दिया है। परिजनों ने आशंका जताई है कि अस्पताल या मोर्चरी परिसर में किसी ने लॉकेट की चोरी कर ली। पुलिस ने दुर्घटना का मामला दर्ज कर फरार वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है। साथ ही लॉकेट गायब होने के मामले में भी अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों से पूछताछ की जा रही है।