छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें: राज्य सरकार – vedantsamachar.in

छत्तीसगढ़ में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, अफवाहों पर ध्यान न दें: राज्य सरकार

रायपुर, 23 मई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ में पेट्रोल और डीजल की उपलब्धता को लेकर राज्य सरकार ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि प्रदेश में ईंधन का पर्याप्त भंडार मौजूद है और आम लोगों को घबराकर अतिरिक्त खरीदी या संग्रहण करने की जरूरत नहीं है। सरकार ने नागरिकों से अफवाहों से बचने और जरूरत के अनुसार ही पेट्रोल-डीजल लेने की अपील की है।

खाद्य विभाग के अनुसार, वर्तमान में प्रदेश में 3 करोड़ 94 लाख 7 हजार 700 लीटर पेट्रोल और 8 करोड़ 8 लाख 83 हजार लीटर डीजल का स्टॉक उपलब्ध है। राज्यभर में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति के लिए कुल 2516 पेट्रोल पंप संचालित हो रहे हैं, जहां नियमित रूप से ईंधन उपलब्ध कराया जा रहा है।

सरकार ने बताया कि रबी फसल की कटाई और खरीफ सीजन की तैयारियों के चलते डीजल की मांग बढ़ी है। इसे ध्यान में रखते हुए ऑयल कंपनियों के लखौली और मंदिर हसौद स्थित डिपो के साथ-साथ Gopalpur डिपो से जिलों में लगातार आवश्यकतानुसार आपूर्ति की जा रही है।

आंकड़ों के मुताबिक, केवल 22 मई 2026 को ही प्रदेश को 21 लाख 83 हजार लीटर पेट्रोल और 1 करोड़ 29 लाख 75 हजार लीटर डीजल प्राप्त हुआ है। इसके अलावा प्रतिदिन नियमित सप्लाई भी जारी है।

ईंधन आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा के लिए खाद्य सचिव ने 20 मई 2026 को ऑयल कंपनियों के अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी। बैठक में निर्देश दिए गए कि जिन पेट्रोल पंपों में स्टॉक कम होने की स्थिति बने, वहां तुरंत डिपो से आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

राज्य शासन ने 22 मई 2026 से प्रदेश के सभी पेट्रोल और डीजल पंपों पर ड्रम और जरीकेन में ईंधन देने पर प्रतिबंध लगा दिया है। हालांकि किसानों और कलेक्टर द्वारा चिन्हित अत्यावश्यक सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट प्रदान की गई है।

सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित की जा रही हैं, इसलिए लोग किसी भी तरह की अफवाह या पैनिक खरीदारी से बचें।