कोरबा, 23 मई। ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और सामाजिक विकास को गति देने की दिशा में अदाणी फाउंडेशन द्वारा किए जा रहे कार्यों का सकारात्मक असर अब कोरबा जिले के गांवों में स्पष्ट दिखाई देने लगा है। अदाणी पावर लिमिटेड की कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) पहल के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, अधोसंरचना और सौर ऊर्जा के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण परियोजनाएं संचालित की गई हैं। इन पहलों से पताढ़ी, सरगबुंदिया, खोड्डल, ढनढनी, उरगा समेत करीब दो दर्जन गांवों और 18 ग्राम पंचायतों के हजारों ग्रामीण लाभान्वित हो रहे हैं।
ग्रामीण शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से 24 गांवों के 48 सरकारी स्कूलों में 4,200 विद्यार्थियों को स्कूल किट वितरित किए गए, जिनमें स्कूल बैग, नोटबुक और कंपास बॉक्स शामिल हैं। तीन गांवों के सात स्कूलों में छात्र-छात्राओं के लिए पृथक शौचालयों का निर्माण कराया गया, जिससे 800 से अधिक विद्यार्थियों और स्टाफ को सुविधा मिली है। खोड्डले और रिश्दीहापारा क्षेत्र में स्कूल, आंगनबाड़ी और पंचायत भवनों के आसपास बाउंड्री वॉल निर्माण से सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई है। वहीं 11 गांवों की 18 आंगनबाड़ियों में न्यूट्रिशन किचन, बैठक व्यवस्था और खेल सामग्री उपलब्ध कराकर उन्हें सुदृढ़ किया गया है।

ग्रामीण युवाओं को खेल और सेना भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने हेतु खेल मैदान का समतलीकरण किया गया है। इसके अलावा 15 स्कूलों में खेल सामग्री किट वितरित की गई, जिससे 1,500 से अधिक छात्र लाभान्वित हुए हैं। आगामी जून से कौशल विकास केंद्र में कंप्यूटर प्रशिक्षण शुरू किया जाएगा, जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए पांच ग्राम पंचायतों के 15 विद्यालयों में विशेष शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किया जाएगा।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में पताढ़ी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नवीनीकरण कर उसे एसी, डीप फ्रीजर और आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से सुसज्जित किया गया है। इससे आसपास के 18 गांवों के करीब 31 हजार लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल हेल्थ केयर यूनिट के माध्यम से डॉक्टरों की टीम गांवों तक पहुंच रही है। इस सेवा के जरिए अब तक 11,557 मरीजों का निःशुल्क उपचार और दवा वितरण किया जा चुका है। वहीं 15 गांवों में आयोजित छह मल्टी-स्पेशियलिटी स्वास्थ्य शिविरों में 2,741 ग्रामीणों का उपचार किया गया। विशेष विजन कैंप के माध्यम से 2,080 ग्रामीणों और 1,000 विद्यार्थियों की आंखों की जांच की गई। इसके अलावा दिव्यांगजनों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, वॉकर, श्रवण यंत्र और बैसाखी सहित 57 सहायक उपकरण वितरित किए गए।

गांवों में अधोसंरचना विकास के तहत सरगबुंदिया ग्राम पंचायत में राष्ट्रीय राजमार्ग किनारे नए ड्रेनेज सिस्टम का निर्माण कराया गया है, जिससे मानसून के दौरान जलभराव की समस्या से राहत मिलेगी। वहीं धंधानी में बहुउद्देशीय सामुदायिक केंद्र “अदाणी भवन” का निर्माण कार्य शुरू किया गया है, जो भविष्य में सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनेगा। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा और रोशनी की सुविधा बढ़ाने के लिए 14 गांवों में 64 सोलर स्ट्रीट लाइटें तथा देवरामाल और कुदुरमई में दो हाई-मास्ट सोलर लाइटें स्थापित की गई हैं। इससे हजारों ग्रामीणों को लाभ मिल रहा है। सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन भी किया गया, जिसमें 24 टीमों के 320 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। आने वाले समय में तालाब गहरीकरण, वृक्षारोपण और सीसी रोड निर्माण जैसे कार्य भी प्रस्तावित हैं।
महिला एवं बाल विकास के अंतर्गत आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए बेहतर बैठक व्यवस्था, खेल सामग्री और न्यूट्रिशन किचन उपलब्ध कराए जाने से बच्चों की उपस्थिति में वृद्धि हुई है। साथ ही गर्भवती महिलाओं और किशोरियों को मिलने वाली स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की निगरानी भी अधिक प्रभावी हुई है। अदाणी फाउंडेशन ने कहा है कि “कम्युनिटी फर्स्ट” की भावना के साथ स्थानीय जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए शिक्षा, स्वास्थ्य और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में सतत कार्य जारी रहेगा।

