भाजपा के जेल भरो आंदोलन में 359 कायर्कताओं ने दी गिरफ्तारी

रायगढ़ । छत्तीसगढ़ गृह विभाग की ओर से रैलियों, धरना प्रदर्शन को लेकर जारी किए गए आदेश, प्रधानमंत्री आवास का पैसा रोके जाने व भ्रष्टाचार के विरोध में भाजपा ने युद्ध स्तर पर मोर्चा खोलते हुए सोमवार को पूरे प्रदेश में जेल भरो आंदोलन का शंखनाद किया।

इस प्रदर्शन में रायगढ़ भाजपा ने भाजपा कार्यालय से सांसद गोमती साय व ओपी चौधरी के नेतृत्व में वृहद रैली निकाली गई। जिसमें राज्य शासन ने जारी आदेश की खिलाफत करते हुए अपनी गिरफ्तारी देने बड़ी संख्या में भाजपा नेता, कार्यकर्ता कलेक्टोरेट का घेराव करने पहुंचे।

जहां भाजपा नेता ओपी चौधरी ने भूपेश सरकार के ख़िलाफ़ जमकर नारेबाजी करते हुए कहा कि सरकार ने अघोषित आपातकाल लगाकर धरना प्रदर्शन के अधिकार से वंचित करने का कार्य किया है, यह उनका कुशासन है जिसका हम विरोध करते हैं। इस दौरान पुलिस प्रशासन द्वारा कलेक्ट्रेट के सामने कार्यकर्ताओं को रोकने बेरिकेड्स लगाए गए थे।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच काफ़ी झूमा झटकी भी हुई, लेकिन पुलिस ने मुस्तैदी से सारी व्यवस्था को संभाला।

इस आंदोलन में कुल 359 कार्यकर्ताओं ने अपनी गिरफ्तारी दी। सांसद गोमती साय ने कहा कि सरकार का यह आदेश प्रदेश को आपातकाल की स्थिति में ला खड़ा कर दिया है, जो लोकतंत्र की हत्या करने जैसा है। जिसके विरोध में भाजपा अपना आंदोलन लगातार जारी रखेगी। जिस तरह से कांग्रेस की सरकार ने काला कानून लागू किया है, जनता अपने हक की लडाई नहीं लड़ सकती। धार्मिक सामाजिक कार्यक्रम भी नहीं कर सकती। कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। इसलिए हमने आज प्रदेश भर में आंदोलन किया है।