KORBA:कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंच भाजपाई!:BJP का जेल भरो आंदोलन आज; कोसाबाड़ी चौक पर रोकने की तैयारी, बैरिकेड के साथ 200 जवानों की ड्यूटी

कोरबा,16 मई ( वेदांत समाचार )। राज्य सरकार की ओर से धरना-प्रदर्शन पर बैन लगाने के खिलाफ कोरबा में भाजपा के आंदोलन को विफल करने के लिए पुलिस ने भी तगड़ी व्यवस्था की है। भाजपाइयों को कलेक्ट्रेट पहुंचने से पहले कोसाबाड़ी चौक के पास ही रोक दिया जाएगा। इसके लिए पुलिस ने बैरिकेड लगा दिया है। इसके साथ ही 200 से अधिक जवानों की ड्यूटी भी लगाई है। जरूरत पड़ने पर बैरिकेडिंग के पास ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी।

दरअसल विविध निजी, सार्वजनिक, धार्मिक, सामाजिक, राजनैतिक कार्यक्रमों के आयोजनों के लिए राज्य सरकार ने अनुमति लेना अनिवार्य कर दिया है। राज्य सरकार के इस आदेश को जन विरोधी और अघोषित आपात काल बताते हुए भाजपा ने आंदोलन करने का एलान किया है। इसके तहत प्रदेश के सभी जिला मुख्यालय में कलेक्टर कार्यालय का घेराव कर जेल भरो आंदोलन करने की चेतावनी दी है।

कोसाबाड़ी चौक से लेकर कलेक्ट्रेट तक बैरिकेडिंग
सोमवार को भाजपा के विरोध-प्रदर्शन और कलेक्ट्रेट के घेराव को देखते हुए पुलिस ने भी उन्हें रोकने पूरी ताकत झोंक दी है। SP भोजराम पटेल के निर्देश दिया है कि किसी भी स्थिति में भाजपाई कलेक्ट्रेट तक नहीं पहुंचने चाहिए। उन्हें रोकने के लिए कोसाबाड़ी चौक लेकर कलेक्ट्रेट तक बैरिकेडिंग किया गया है। पुलिस अफसरों ने बताया कि भाजपाइयों को कोसाबाड़ी चौक के पास ही रोक दिया जाएगा।

वाहनों की आवाजाही रहेगी बंद

भाजपा के आंदोलन को देखते हुए यातायात पुलिस ने रूट डायवर्ट करने की योजना बनाई है। इस दौरान नेहरु चौक से कलेक्ट्रेट रोड में सभी तरह के वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। इसके साथ ही नेहरु चौक से गुजरने वाले वाहनों को भी डायवर्ट किया जाएगा। चौक-चौराहों पर यातायात पुलिस के जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।

रैली के साथ पहुंचेंगे भाजपा नेता, गिरफ्तारी भी देंगे
भाजपा जिलाध्यक्ष राजीव सिंह ने बताया कि प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के निर्देश पर जिले भर के भाजपा नेता और कार्यकर्ता राज्य शासन के काला कानून के विरोध में सोमवार की 3 बजे पहले रैली लेकर कोसाबाड़ी चौक पहुंचेंगे। इसके बाद रैली कलेक्ट्रेट तक जाएगी। इस दौरान कलेक्ट्रेट में जाकर विरोध-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि राज्य शासन के आदेश पर जिला और पुलिस प्रशासन उनकी आंदोलन को विफल करने की योजना बना रहे हैं। भाजपा नेता व कार्यकर्ता आंदोलन के लिए तैयार है। जरूरत पड़ने पर जेल भरो आंदोलन कर गिरफ्तारी भी देंगे।