JOB ALERT: कोरबा में एकलव्य विद्यालयों के लिए अतिथि शिक्षकों की भर्ती, 13 अप्रैल को वॉक-इन इंटरव्यू

कोरबा, 06 अप्रैल (वेदांत समाचार)। जिले के सभी पीएम श्री एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए रिक्त पदों पर अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति हेतु वॉक-इन इंटरव्यू का आयोजन किया जा रहा है। यह साक्षात्कार पीएम श्री एकलव्य मॉडल रेसिडेंशियल स्कूल, छुरीकला (ब्लॉक कटघोरा) में आयोजित होगा।

जिला प्रशासन कोरबा द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार इच्छुक एवं योग्य अभ्यर्थी ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए गूगल फॉर्म लिंक जारी किया गया है, जिसके माध्यम से अभ्यर्थी अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। भर्ती से संबंधित शैक्षणिक योग्यता, वेतन, सेवा शर्तें एवं अन्य आवश्यक जानकारी जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://korba.gov.in पर उपलब्ध है।

ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 11 अप्रैल 2026 निर्धारित की गई है, जबकि वॉक-इन इंटरव्यू 13 अप्रैल 2026 को आयोजित होगा। अभ्यर्थियों को साक्षात्कार के समय पूर्ण भरा हुआ आवेदन पत्र एवं सभी आवश्यक दस्तावेजों की स्वप्रमाणित प्रतियां साथ लाना अनिवार्य होगा।

भर्ती प्रक्रिया के तहत स्नातकोत्तर शिक्षक पदों में अंग्रेजी, इतिहास, भूगोल, वाणिज्य, अर्थशास्त्र, जीव विज्ञान एवं गणित विषय शामिल हैं। वहीं प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक के लिए अंग्रेजी, गणित, सामाजिक विज्ञान, हिंदी, विज्ञान एवं शारीरिक शिक्षा विषय निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त नर्स (महिला), काउंसलर (महिला) तथा प्रशिक्षक-आतिथ्य एवं पर्यटन के पदों पर भी भर्ती की जाएगी।

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी पदों के लिए साक्षात्कार आयोजित किया जाएगा, लेकिन नियुक्ति उपलब्ध रिक्त पदों के आधार पर ही की जाएगी।