संगठन के विधान के विपरीत कार्रवाई के आरोप, कई शिकायतों के आधार पर जारी हुआ नोटिस
रायपुर/मनेंद्रगढ़/गेवरा-दीपका, 21 मई (वेदांत समाचार)। कोयला मजदूर सभा के महामंत्री नायूलाल पाण्डेय के खिलाफ प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए श्रमायुक्त कार्यालय, छत्तीसगढ़ ने नोटिस जारी किया है। व्यवसायिक संघ कार्यालय, रायपुर की ओर से जारी पत्र में संगठन के विधान के विपरीत कार्यवाही किए जाने के आरोपों पर 15 दिनों के भीतर बिंदुवार जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
जारी पत्र के अनुसार, अमलेन्दु विश्वास द्वारा 25 मार्च 2026, 17 अप्रैल 2026 एवं 5 मई 2026 को शिकायत पत्र प्रस्तुत किए गए थे। इसके अतिरिक्त एस.डी. माणिकपुरी एवं अन्य 71 लोगों ने 25 अप्रैल 2026 को संयुक्त शिकायत पत्र सौंपा। वहीं रविन्द्र कुमार ने 30 अप्रैल 2026 को अलग से शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतों में संगठनात्मक कार्यप्रणाली, नियमों के उल्लंघन तथा विधान के विपरीत कार्रवाई किए जाने के आरोप लगाए गए हैं। श्रमायुक्त कार्यालय द्वारा जारी नोटिस में शिकायतों की प्रतियां संलग्न कर संबंधित पक्ष से स्पष्टीकरण मांगा गया है। पत्र में स्पष्ट कहा गया है कि निर्धारित समयावधि के भीतर जवाब प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
मामले को लेकर कोयला क्षेत्र और श्रमिक संगठनों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। संगठन से जुड़े कुछ सदस्यों का कहना है कि निष्पक्ष जांच से पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। वहीं श्रमिक नेताओं का मानना है कि संगठन में पारदर्शिता और नियमों के पालन के लिए ऐसी कार्रवाई आवश्यक है।
सूत्रों के अनुसार, संबंधित पक्ष से जवाब प्राप्त होने के बाद श्रम विभाग आगे की कार्रवाई पर निर्णय ले सकता है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम पर क्षेत्र के श्रमिकों और संगठन के सदस्यों की नजर बनी हुई है।

