दीपका पेट्रोल पंप में डीजल भरवाने को लेकर विवाद, मारपीट के बाद दोनों पक्षों पर मामला दर्ज – vedantsamachar.in

दीपका पेट्रोल पंप में डीजल भरवाने को लेकर विवाद, मारपीट के बाद दोनों पक्षों पर मामला दर्ज

राजू तिवारी,कोरबा,21 मई 2026। जिले के दीपका थाना क्षेत्र स्थित गोपी चंद पेट्रोल पंप में जबरन प्लास्टिक डिब्बों में डीजल भरवाने को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच गाली-गलौज और मारपीट की नौबत आ गई। पुलिस ने मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, केसर अहमद खान ने दीपका थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि 19 मई 2026 की रात करीब 11 बजे शिवम शर्मा और संजू शर्मा पेट्रोल पंप पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने कर्मचारियों से यह कहते हुए कि “मैनेजर से बात हो चुकी है”, अपने पिकअप वाहन में प्लास्टिक डिब्बों के माध्यम से करीब 6 हजार रुपये का डीजल भरवा लिया और वहां से चले गए।

पेट्रोल पंप कर्मचारियों ने इसकी जानकारी केसर अहमद खान को दी। इसके बाद वह पेट्रोल पंप पहुंचे और कर्मचारियों को प्लास्टिक डिब्बों में डीजल नहीं देने की हिदायत दी। इसी बात को लेकर फोन पर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो बाद में विवाद और हाथापाई तक पहुंच गई।

बताया जा रहा है कि बिना मैनेजर की अनुमति के कर्मचारियों से “मैनेजर से बात हो गई है” कहकर डीजल भरवाया गया। घटना के दौरान मौजूद कर्मचारियों और आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।

दीपका थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मारपीट और गाली-गलौज के मामले में दोनों पक्षों के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया गया है। वहीं प्लास्टिक जरीकन में डीजल भरवाकर ले जाने के मामले में शिवम शर्मा और संजू शर्मा के खिलाफ अलग से वैधानिक कार्रवाई की गई है।

घटना के बाद कुछ समय तक क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।