CrimeNews: ‘पैसे नहीं हैं’… फिर निकाली बंदूक, पेट्रोल पंप पर दो युवकों की दबंगई वायरल – vedantsamachar.in

CrimeNews: ‘पैसे नहीं हैं’… फिर निकाली बंदूक, पेट्रोल पंप पर दो युवकों की दबंगई वायरल

वाराणसी 21 मई 2026 । उत्तर प्रदेश के वाराणसी में पेट्रोल पंप पर दबंगई दिखाना दो युवकों को भारी पड़ गया। बिना नंबर प्लेट वाली बाइक पर पहुंचे दो बदमाशों ने पहले आराम से टंकी फुल करवाई और फिर पैसे मांगने पर पिस्टल निकालकर पेट्रोल पंप कर्मचारी को धमका दिया। हालांकि उनकी यह गुंडागर्दी ज्यादा देर नहीं चली, क्योंकि पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई और पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

मामला सिंधोरा थाना क्षेत्र के गड़खड़ा स्थित पेट्रोल पंप का है, जहां 16 और 17 मई की रात दोनों युवक पहुंचे थे। फुटेज में दिख रहा है कि पेट्रोल भरवाने के बाद कर्मचारी जैसे ही पैसे मांगता है, तभी एक युवक अपने साथी से पिस्टल लेकर कर्मचारी को डराने लगता है और दोनों बिना पैसे दिए मौके से फरार हो जाते हैं।
घटना के बाद पेट्रोल पंप कर्मचारी ने थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। पुलिस ने हिस्ट्रीशीटर विवेक उर्फ गोलू उपाध्याय और उसके साथी शनि सिंह को गिरफ्तार कर लिया। दोनों वाराणसी के सिंधोरा इलाके के रहने वाले हैं। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने उनके पास से बिना नंबर प्लेट वाली बाइक और अवैध पिस्टल भी बरामद की।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उनके पास पैसे नहीं थे, इसलिए पिस्टल दिखाकर पेट्रोल भरवाकर भाग गए। अब सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लोग मजाकिया अंदाज में कह रहे हैं कि “पेट्रोल महंगा जरूर है, लेकिन इतना भी नहीं कि बंदूक लेकर भरवाना पड़े।”