सक्ती, 20 मई (वेदांत समाचार)। जिले में कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में मंगलवार को महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। थाना परिसर कोतवाली सक्ती के सामने निर्मित नवीन पुलिस थाना आजाक भवन का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने विधिवत फीता काटकर और पूजा-अर्चना के साथ किया। कार्यक्रम का आयोजन शाम 5 बजे किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पत्रकार, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक शामिल हुए।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अतिथियों ने नए थाना भवन के शुभारंभ पर खुशी जताते हुए इसे आम जनता को बेहतर पुलिस सुविधा उपलब्ध कराने और क्षेत्र की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में अहम पहल बताया। जनप्रतिनिधियों और नागरिकों ने पुलिस प्रशासन की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इससे लोगों को त्वरित सहायता और प्रभावी पुलिसिंग का लाभ मिलेगा।
इस मौके पर पुलिस मुख्यालय से जिला सक्ती को प्राप्त डायल-112 के कुल 8 नए वाहनों को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और मीडिया प्रतिनिधियों की मौजूदगी में इन वाहनों को रवाना किया। बताया गया कि इन नए वाहनों के संचालन से जिले में आपातकालीन पुलिस सहायता सेवाएं पहले से अधिक तेज और प्रभावी होंगी।

कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हाईकोर्ट अधिवक्ता चितरंजय पटेल, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष रामनरेश यादव, पार्षद गोविंद देवांगन, गोविंद निराला, संजू कश्यप, अधिवक्ता रथराम पटेल, गिरधर जायसवाल सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पैंकरा, थाना प्रभारी लखन पटेल, रक्षित निरीक्षक उमेश राय तथा उप निरीक्षक कमल मेरीसा समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी-कर्मचारी भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।
संपूर्ण कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण, गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

