टोयोटा का जलवा; Hyryder और HyCross बनीं लोगों की पसंद, माइलेज और फीचर्स ने बढ़ाई डिमांड – vedantsamachar.in

टोयोटा का जलवा; Hyryder और HyCross बनीं लोगों की पसंद, माइलेज और फीचर्स ने बढ़ाई डिमांड

टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने बताया है कि भारत में उसकी हाइब्रिड गाड़ियों की कुल बिक्री 3 लाख यूनिट्स के पार पहुंच गई है. कंपनी की हाइब्रिड गाड़ियों की बढ़त में Toyota Urban Cruiser Hyryder और Toyota Innova HyCross की बड़ी भूमिका रही है. इन दोनों मॉडलों की बढ़ती मांग के कारण हाइब्रिड सेगमेंट में कंपनी को मजबूत सफलता मिली है.

सेल्फ-चार्जिंग हाइब्रिड कारें
टोयोटा भारत में कई सेल्फ-चार्जिंग हाइब्रिड कारें बेचती है, जिनमें Toyota Urban Cruiser Hyryder, Toyota Innova HyCross, Toyota Camry Hybrid और Toyota Vellfire शामिल हैं. कंपनी का कहना है कि हाल की बिक्री उपलब्धि ये दिखाती है कि भारत में लोग अब हाइब्रिड तकनीक को ज्यादा पसंद कर रहे हैं. ग्राहक बेहतर माइलेज और कम प्रदूषण वाली कारों की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं.

अर्बन क्रूज़र हाइराइडर
अर्बन क्रूज़र हाइराइडर के साथ टोयोटा ने मिडसाइज़ एसयूवी हाइब्रिड सेगमेंट में एंट्री किया, जबकि इनोवा हाइक्रॉस ने एमपीवी श्रेणी में हाइब्रिड तकनीक का विस्तार किया. इन दोनों मॉडल ने कंपनी की कुल हाइब्रिड सेल में दमदार भूमिका निभाई है.मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वाहन निर्माता कंपनी टोयोटा ने कहा है कि सेल्फ-चार्चिंग हाइब्रिड कारें ग्राहकों को इसलिए पसंद आ रही है क्योंकि इन्हें बाहर से चार्ज करने की जरूरत नहीं होती. इन गाड़ियों की बैटरी ब्रेकिंग और इंजन की मदद से खुद ही चार्ज हो जाती है. जिससे प्लग- इन चार्जिंग की जरूरत नहीं पड़ती.

हाइब्रिड बैटरी पर 8 साल की वारंटी
कंपनी के मुताबिक, इन हाइब्रिड गाड़ियों में पेट्रोल इंजन और इलेक्ट्रिक मोटर दोनों होते हैं. ड्राइविंग की स्थिति के हिसाब से सिस्टम खुद तय करता है कि कब इंजन का इस्तेमाल करना है और कब इलेक्ट्रिक मोटर का. इससे कार की माइलेज बेहतर होती है और प्रदूषण भी कम होता है. टोयोटा भारत में हाइब्रिड बैटरी पर 8 साल की वारंटी भी देती है, ताकि ग्राहकों को लंबे समय तक भरोसा और सुविधा मिल सके.

कंपनी 3.8 करोड़ से ज्यादा ईवी वाहन बेच चुकी है
कंपनी ने ये भी कहा कि उसकी मल्टी-पाथवे रणनीति का उद्देश्य कम प्रदूषण वाली अलग-अलग तकनीकों को बढ़ावा देना है. इसमें हाइब्रिड इलेक्ट्रिक, प्लग-इन हाइब्रिड, बैटरी इलेक्ट्रिक, फ्यूल-सेल और फ्लेक्स-फ्यूल वाहन शामिल हैं.दुनिया भर में अब तक Toyota 3.8 करोड़ से ज्यादा इलेक्ट्रिफाइड वाहन बेच चुकी है, जिनसे लगभग 197 मिलियन टन CO₂ उत्सर्जन कम हुआ है.

कंपनी के अधिकारी सबरी मनोहर ने कहा कि हाइब्रिड तकनीक ग्राहकों के लिए एक आसान और व्यावहारिक विकल्प है, जो बिना किसी परेशानी के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी की ओर बढ़ने में मदद करती है. ये न केवल पर्यावरण के लिए बेहतर है, बल्कि परफॉर्मेंस और भरोसे के मामले में भी मजबूत विकल्प है.