डायल-112 सेवा के लिए 7 अत्याधुनिक वाहन रवाना, आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित सहायता – vedantsamachar.in

डायल-112 सेवा के लिए 7 अत्याधुनिक वाहन रवाना, आपात स्थिति में मिलेगी त्वरित सहायता

मुंगेली 20 मई 2026 । जिले में आम जनता को त्वरित पुलिस सहायता और आपातकालीन सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित जनदर्शन सभाकक्ष में डायल-112 सेवा वाहनों का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में विधायक पुन्नू लाल मोहले, कलेक्टर कुंदन कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के लिए 7 डायल-112 वाहनों को रवाना किया।

कार्यक्रम में बताया गया कि केंद्र सरकार के गृहमंत्री अमित शाह के निर्देशन में देशभर में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए डायल-112 सेवा का विस्तार किया जा रहा है। इसी क्रम में मुंगेली जिले को आधुनिक सुविधाओं से लैस नए इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल (ERV) उपलब्ध कराए गए हैं। इन वाहनों में अत्याधुनिक कैमरा, डैश कैमरा, जीपीएस डिवाइस, मोबाइल डाटा टर्मिनल और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसी सुविधाएं दी गई हैं, जिससे पुलिस की प्रतिक्रिया समय में सुधार होगा और आम नागरिकों को तत्काल सहायता मिल सकेगी।

डायल-112 सेवा के तहत जिले के सिटी कोतवाली मुंगेली, जरहागांव, सरगांव, फास्टरपुर, लोरमी, चिल्फी और लालपुर पथरिया थाना क्षेत्रों में वाहन तैनात किए गए हैं। इन वाहनों के माध्यम से सड़क दुर्घटना, मारपीट, महिला सुरक्षा, आगजनी, विवाद तथा अन्य आपात स्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि डायल-112 सेवा आपात परिस्थितियों में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अब आम नागरिक पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी सेवाओं के लिए एक ही नंबर 112 पर कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकेंगे।

वहीं, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि डायल-112 सेवा आम जनता और पुलिस के बीच त्वरित समन्वय स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। कॉल प्राप्त होने पर कॉलर की लोकेशन स्वतः ट्रेस कर संबंधित स्थान पर तत्काल इमरजेंसी सहायता भेजी जाएगी, जिससे कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, डीएसपी हरविंदर सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।