धमतरी,20 मई (वेदांत समाचार)। आज पुलिस लाईन रूद्री में आयोजित औपचारिक कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार, महापौर नगर निगम रामू रोहरा और जिला पंचायत अध्यक्ष अरूण सार्वा द्वारा हरी झंडी दिखाकर हाईटेक डायल-112 एवं ईआरवी (Emergency Response Vehicle) वाहनों को जिले के निर्धारित थाना क्षेत्रों हेतु रवाना किया गया। कार्यक्रम में जिले को प्राप्त कुल 12 नवीन हाईटेक डायल-112 ईआरवी वाहनों के संचालन, रिस्पांस सिस्टम, आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्यवाही, घटनास्थल तक शीघ्र पहुंच, तकनीकी समन्वय एवं आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। जिले के 10 थाना क्षेत्रों एवं एक डायल 112 आफिस में ये ईआरवी वाहन 24 घंटे सक्रिय रूप से तैनात रहेंगे, जिससे सड़क दुर्घटना, महिला संबंधी अपराध, विवाद, मारपीट, आपराधिक घटनाओं एवं अन्य आपात परिस्थितियों में नागरिकों को तत्काल एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।
छत्तीसगढ़ शासन की यह महत्वाकांक्षी डायल-112 ईआरवी योजना आम नागरिकों को त्वरित एवं प्रभावी पुलिस सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें शहर क्षेत्रों में मात्र 10 मिनट एवं ग्रामीण क्षेत्रों में 30 मिनट के भीतर पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अत्याधुनिक सेवा के माध्यम से दुर्घटना, अपराध एवं अन्य आपात परिस्थितियों में पीड़ितों तक शीघ्र पहुंचकर तत्काल राहत एवं सुरक्षा प्रदान की जाएगी, जिससे आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास और अधिक मजबूत होगा। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अतिथियों को यह भी अवगत कराया गया कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रदत्त इन अत्याधुनिक डायल-112 ईआरवी वाहनों को देश के माननीय केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा हरी झंडी दिखाकर प्रदेश के विभिन्न जिलों के लिए रवाना किया गया है।
इन वाहनों के जिले में शामिल होने से धमतरी पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता और अधिक प्रभावी एवं मजबूत हुई है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने अपने उद्बोधन में कहा कि “डायल-112 एवं ईआरवी सेवा आम नागरिकों की सुरक्षा, विश्वास एवं त्वरित राहत का सबसे सशक्त माध्यम है। प्रत्येक सूचना पर संवेदनशीलता, तत्परता एवं प्रोफेशनल तरीके से कार्य करते हुए न्यूनतम समय में पीड़ितों तक सहायता पहुंचाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने कहा कि हाईटेक डायल-112 ईआरवी सेवा से जिले की पुलिसिंग और अधिक आधुनिक, तकनीक आधारित एवं प्रभावी बनेगी।
जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों एवं प्रमुख मार्गों पर तैनात ये अत्याधुनिक वाहन GPS ट्रैकिंग, PTZ कैमरा, डैश कैमरा एवं मोबाइल डेटा टर्मिनल जैसी आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिससे घटनास्थल तक त्वरित पहुंच, बेहतर मॉनिटरिंग एवं प्रभावी पुलिस रिस्पांस सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही यह सेवा आमजन और पुलिस के बीच विश्वास को और अधिक मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

