कोरबा,20 मई (वेदांत समाचार)। मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूकता लाने के लिए भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा की टीम जुटी हुई है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ तथा यूनिसेफ के संयुक्त तत्वाधान में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन अंतर्गत तारुण्य वार्ता हैशटैग पीरियड्स पर खुलकर अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा की टीम द्वारा जिला शिक्षा अधिकारी ताम्रेश्वर उपाध्याय एवं जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख के मार्गदर्शन में कार्ययोजना बनाई गई है।
जिला संगठन आयुक्त द्वय डीगम्बर सिंह कौशिक, उत्तरा मानिकपुरी एवं सीनियर गाइड केप्टिन पुष्पा शांडिल्य के संयुक्त नेतृत्व में रोवर्स, रेंजर्स, सीनियर स्काउट्स गाइड्स तथा अन्य लीडर्स द्वारा जागरूकता कार्यक्रम प्रारंभ किया गया है। पहले चरण में कलेक्टर सहित अन्य प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों से भेंट कर उन्हें अभियान की जानकारी दी गई तथा उनका संदेश रिकार्ड किया गया। रोवर्स, रेंजर्स, सीनियर स्काउट्स गाइड्स द्वारा जागरूकता कार्यक्रम के लिए पोस्टर्स, ब्रेसलेट्स तैयार किए गए हैं। छात्रों, युवाओं सहित समाज के प्रत्येक वर्ग से पीरियड्स को लेकर खुलकर चर्चा शुरू की गई है।
सोशल मीडिया पर भी कैंपेन चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य किशोरों में मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना है। अभियान के तहत मासिक धर्म एवं लैंगिक मुद्दों से जुड़े मिथकों और झिझक को कम करने का प्रयास किया जा रहा है। मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के प्रति लड़कों और पुरुषों की समारात्मक एंव जिम्मेदार भागीदारी भी सुनिश्चित करना है। अभियान का समापन 28 मई को विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस पर होगा।

