सिम्स में मरीजों को गर्मी से मिलेगी राहत, लगाए जा रहे कूलर

बिलासपुर 27 मार्च (वेदांत समाचार)। सिम्स में भर्ती सभी मरीजों को अब जल्द कूलर की हवा मिलने वाली है। गर्मी से राहत दिलाने के लिए वार्डों में कूलर लगना शुरू हो गए हैं। पुराने कूलरों की साफ-सफाई होने लगी है। जो कूलर खराब हो गए हैं, उनकी जगह नए कूलर लगाए जा रहे है। जल्द ही अब मरीजों को अब राहत की हवा मिलेगी। कुछ वार्डों में कूलर लग भी गए हैं। एमआरडी में भी बड़े कूलर लगाए गए हैं। ताकि पर्ची कटाने के लिए कतार में लगे लोगों को भी राहत की हवा मिले।

वहीं वार्डों में लगे कूलरों की साफ-सफाई और उनकी रिपेयरिंग का काम शुरू करवा दिया। उम्मीद है कि दो दिन के भीतर मरीजों को अब कूलर की हवा मिलने लगेगी। सिम्स अधीक्षक डॉ. नीरज शेंडे का कहना है कि मरीजों और उनके परिजनों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए जिन वार्डों में पंखे खराब हो गए हैं उन्हें बनवाने का काम शुरू हो गया है। अब सभी वार्डों में कूलर भी लगाए जा रहे हैं। बर्न वार्ड का एसी भी बन गया है। मरीजों को गर्मी में किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।

120 कूलर की होती है जरूरत

सिम्स में विभिन्न 29 वार्डो का संचालन किया जाता है। एक वार्ड को ठंडा रखने के लिए कम से कम चार से पांच कूलर की जरूरत पड़ती है। ऐसे में सभी वार्डों में कूलर लगाना बड़ा काम साबित होता है। सभी वार्डो के लिए 120 कूलर की जरूरत पड़ती है। वही वार्डो में लगे पंखों को भी ठीक करने का काम चल रहा है।

खरीदी की चल रही प्रक्रिया

कूलर की खरीदी का भी काम चल रहा है। सिम्स प्रबंधन के मुताबिक इस बार लगभग 30 से ज्यादा कूलर काम के नही रह गए हैं। ऐसे में इनकी जगह नए कूलर खरीदने होंगे। प्रबन्धन के मुताबिक 30 से ज्यादा नए कूलर की खरीदी का काम चल रहा है।