लव,और धोखाधड़ी: दुष्कर्म के बाद महिला डॉक्टर से 2 करोड़ की ब्लैकमेलिंग, दो आरोपी गिरफ्तार

शरद पाठक, छिंदवाड़ा, । शहर में एक महिला डॉक्टर के साथ कुष्कर्म के बाद दो करोड़ रुपए की ब्लैकमेलिंग का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। बदमाश ने एक महिला डॉक्टर के साथ अस्पताल खोलने के नाम पर बिजनेस कंसलटेंट बनकर पहले प्यार में फंसाया। फिर उससे शारीरिक संबंध बनाकर दो करोड़ रुपए की ठगी किया। इसके साथ ही दुष्कर्मी द्वारा अपने एक अन्य साथी को आईबी का अधिकारी बताकर महिला को धौंस देने का प्रयास भी किया गया।

पुलिस में दर्ज जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा की एक महिला डॉक्टर से डिंडोरी में अस्पताल खोलने के सिलसिले में मनीष नाम के एक व्यक्ति ने संपर्क किया और चिकित्सक को विश्वास में लेकर प्रेम संबंध स्थापित कर लिया। साथ ही उसके वीडियो भी बना लिए। इसके बाद ब्लैकमेलिंग का सिलसिला शुरू हो गया। आरोपी मनीष ने डॉक्टर से एक करोड़ 80 लाख रुपए से अधिक की राशि धमकी देकर ऐंठ ली। महिला को धमकाने के लिए उसने अपने एक मित्र कुलभूषण को आईबी का ऑफिसर बताकर उसे ब्लैकमेल किया है।

यह सिलसिला सात आठ महीने से चल रहा था। जब ब्लैकमेलिंग की हद ज्यादा बढ़ गई तो महिला ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और 3 दिन के पुलिस रिमांड में लिया है। पुलिस अभी इस बात की जानकारी ले रही है कि इसके अलावा ब्लैकमेलरों ने किस-किस को और ब्लैकमेल किया है। जानकारी मोती लाल कुशवाहा, सीएसपी ने दी है।