कोरबा,19 मई (वेदांत समाचार)। जिले में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच राहत पाने का एक अनोखा तरीका अपनाते दो युवकों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में दो युवक स्पोर्ट्स बाइक पर सवार नजर आ रहे हैं। बाइक के बीच में पानी से भरी बाल्टी रखी हुई है, जबकि पीछे बैठा युवक डिब्बे से पानी निकालकर खुद और बाइक चला रहे युवक पर डालता दिखाई दे रहा है।
वीडियो के बैकग्राउंड में “ठंडा-ठंडा कूल-कूल” जैसे गाने चल रहे हैं, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। “कोरबा गर्मी” कैप्शन के साथ शेयर किए गए इस वीडियो पर सोशल media यूजर्स तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे भीषण गर्मी से राहत पाने का देसी जुगाड़ बता रहे हैं, वहीं कई लोगों ने इसे सड़क सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक स्टंट करार दिया है।
हालांकि वीडियो मनोरंजन का केंद्र बना हुआ है, लेकिन चलती बाइक पर इस तरह का स्टंट हादसे को न्योता दे सकता है। पुलिस और प्रशासन पहले ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने की अपील कर चुके हैं।
वर्तमान समय में सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत युवाओं में तेजी से बढ़ रही है। लोकप्रियता और लाइक्स पाने के लिए कई बार लोग जोखिम भरे कदम उठा लेते हैं, जो न केवल उनकी बल्कि अन्य लोगों की सुरक्षा के लिए भी खतरा बन जाते हैं।
कोरबा जिले में इन दिनों भीषण गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है। सुबह से ही तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों का हाल बेहाल कर दिया है। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है, हालांकि तापमान में फिलहाल राहत मिलने के आसार कम हैं।
दोपहर के समय गर्म हवाएं चल रही हैं और तापमान में एक से दो डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। तेज आंधी के कारण बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से गर्मी और हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। विभाग ने लंबे समय तक धूप में नहीं रहने, खाली पेट बाहर न निकलने, अधिक पानी पीने और हल्का भोजन करने की सलाह दी है। साथ ही दोपहर 12 बजे से 3 बजे के बीच अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील भी की गई है।

