कोरबा। किशोरों एवं युवाओं में मासिक धर्म स्वच्छता प्रबंधन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, जिला कोरबा द्वारा विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स, छत्तीसगढ़ तथा UNICEF के संयुक्त तत्वावधान में “तारुण्य वार्ता – #पीरियड्स पर खुलकर” अभियान की शुरुआत की गई है।
अभियान के तहत जिला शिक्षा अधिकारी ताम्रेश्वर उपाध्याय एवं जिला मुख्य आयुक्त मोहम्मद सादिक शेख के मार्गदर्शन में विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। जिला संगठन आयुक्त डीगम्बर सिंह कौशिक, उत्तरा मानिकपुरी तथा सीनियर गाइड कैप्टन पुष्पा शांडिल्य के नेतृत्व में रोवर्स, रेंजर्स, सीनियर स्काउट्स-गाइड्स एवं अन्य लीडर्स द्वारा जागरूकता कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के प्रथम चरण में कलेक्टर सहित विभिन्न प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों से मुलाकात कर अभियान की जानकारी दी गई तथा उनसे जागरूकता संदेश भी रिकॉर्ड किए गए। अभियान के अंतर्गत रोवर्स एवं रेंजर्स द्वारा पोस्टर और ब्रेसलेट तैयार कर लोगों को मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
स्काउट्स-गाइड्स की टीम छात्रों, युवाओं एवं समाज के विभिन्न वर्गों के बीच पीरियड्स से जुड़े विषयों पर खुलकर चर्चा कर रही है। सोशल मीडिया के माध्यम से भी व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान का मुख्य उद्देश्य किशोरों में मासिक धर्म स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाना, इससे जुड़े मिथकों एवं झिझक को दूर करना तथा लड़कों एवं पुरुषों की सकारात्मक और जिम्मेदार भागीदारी सुनिश्चित करना है। अभियान का समापन 28 मई को विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर किया जाएगा।

