कोरबा,18 मई (वेदांत समाचार)। शहर के लोकप्रिय अप्पू गार्डन में रविवार सुबह उस समय उत्साह और रोमांच का माहौल बन गया, जब झाड़ियों के बीच से अचानक एक विशालकाय ‘गोरिल्ला’ बच्चों के बीच पहुंच गया। गोरिल्ला को देखते ही कुछ पल के लिए बच्चे और उनके अभिभावक सहम गए, लेकिन जल्द ही डर खुशी और मस्ती में बदल गया।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब 11 बजे बच्चे गार्डन में झूलों और फिसलपट्टी का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान पेड़ों के पीछे से ‘हू-हू’ की आवाज करते हुए करीब सात फीट लंबा गोरिल्ला बाहर आया। अचानक सामने आए इस दृश्य से छोटे बच्चे घबरा गए और अपने माता-पिता से लिपट गए।
https://youtube.com/shorts/16-Sxlwa4f0?si=kxKP96QKykPCjVE7
हालांकि कुछ ही देर में माहौल पूरी तरह बदल गया। गोरिल्ला के वेश में मौजूद कलाकार ने बच्चों का हाथ हिलाकर अभिवादन किया, उन्हें टॉफियां बांटी और मजेदार हरकतें कर बच्चों को हंसाने लगा। इसके बाद बच्चे भी खुलकर उसके साथ मस्ती करने लगे। किसी ने उसे केला खिलाया तो किसी ने उसके साथ सेल्फी ली। बच्चों ने गोरिल्ला दादा के साथ दौड़ लगाई, लुका-छिपी खेली और डांस भी किया।
गार्डन प्रबंधन ने बताया कि गर्मी की छुट्टियों के दौरान बच्चों के मनोरंजन के लिए यह विशेष सरप्राइज कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को “जंगल बचाओ और जानवरों से दोस्ती करो” का संदेश भी दिया गया।
बच्चों में इस अनोखे आयोजन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। कक्षा तीसरी के छात्र अंश ने कहा कि पहले उसे लगा कि सचमुच का गोरिल्ला आ गया है, लेकिन बाद में वह उनका दोस्त बन गया। वहीं चार वर्षीय काव्या ने खुशी जताते हुए कहा कि उसने “गोरिल्ला दादा” के साथ सेल्फी भी ली।
करीब एक घंटे तक चली इस अनोखी मस्ती के बाद ‘गोरिल्ला दादा’ बच्चों को बाय बोलकर वहां से रवाना हो गया, लेकिन अपनी यादगार मौजूदगी से अप्पू गार्डन का माहौल खुशनुमा बना गया।

