Vedant Samachar

3 महीने से खाली हैं गरीबों की थालियां! इस गांव के लोगों को नहीं मिला राशन, कार्ड में ‘एंट्री’.. पर अनाज गायब

Vedant samachar

रायगढ़ ,24 मार्च ( वेदांत समाचार )। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली की लापरवाही एक बार फिर उजागर हुई है। रायगढ़ तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत भातपुर के आश्रित ग्राम दुलोपुर के ग्रामीणों ने उन्हें विगत तीन माह से राशन नहीं मिलने की शिकायत कलेक्टर से करते हुए जल्द से जल्द राशन दिलवाने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि राशन नहीं मिलने से उन्हें 22 से 25 रूपए किलो की दर से चावल खरीदना पड़ रहा है। तीन माह से राशन नहीं मिलने पर परेशान ग्राम पंचायत भातपुर के आश्रित गांव दुलोपुर के ग्रामीणों ने जिला मुख्यालय पहुंच कर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए उन्हे अपनी व्यथा सुनाई।

ग्रामीणों ने बताया कि वे सभी लोग गरीब परिवार से हैं और रोजी मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते हैं। पिछले तीन महीने से जनवरी, फरवरी और मार्च का राशन उन्हें अब तक नहीं मिला है। ऐसे में उन्हें मजबूरी में बाजार से 22 से 25 रुपये प्रति किलो की दर से चावल खरीदना पड़ रहा है, जो आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए बेहद कठिन साबित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उनके द्वारा मामले की जानकारी ग्राम पंचायत सचिव को भी कई बार दी गई, लेकिन सचिव ने इसे गंभीरता से नहीं लिया और समस्या लगातार बनी रही।

वहीं राशन कार्ड में फरवरी माह का राशन दर्ज कर दिया गया है, जबकि वास्तविक हितग्राहियों को राशन का वितरण नहीं किया गया। ऐसे में ग्रामीणों ने राशन वितरण में भ्रष्टाचार होने की आशंका जताई है जिसकी जांच करने व लंबित तीन महीनों का राशन तत्काल उपलब्ध कराने की उन्होने मांग की है ताकि जरूरतमंद परिवारों को राहत मिल सके।

Share This Article