शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि की तैयारियां, उज्जैन व बनारस से पहुंचेगा बैंडबाजा

धमतरी, 25 फरवरी (वेदांत समाचार)। महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धालुओं व लोगों में काफी उत्साह है। शहर में किले के श्री बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर, रूद्रेश्वर मंदिर समेत अन्य शिव मंदिरों में तैयारियां शुरू हो गई है। मंदिर प्रांगण में पंडाल लगना शुरू हो गया है। कोरोना संक्रमण कम होने के बाद इस साल महाशिवरात्रि पर शहर में आकर्षक कार्यक्रम होंगे। उज्जैन व बनारस से 21 प्रकार के बैंडबाजा व झांकियां पहुंचेगी, जो शहर निकलेगी। वहीं शिव मंदिरों में जगह-जगह कई तरह के कार्यक्रम आयोजित होंगे। महाशिवरात्रि पर्व आने में अब कुछ ही दिन शेष है, ऐसे में शिव मंदिरों पर तैयारियां जोर-शोर से चल रही है।

कोरोना संक्रमण कम होने के बाद इस साल महाशिवरात्रि पर्व व मेला आने का श्रद्धालुओं के साथ हर वर्ग को बेसब्री से इंतजार है। इसे लेकर शहर के प्रमुख किले के श्री बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर में विशेष तैयारियां शुरू हो गई है। निर्माणाधीन मंदिर परिसर पर स्वागत गेट, पंडाल लगाए जा रहे हैं।

मंदिरों में डेकोरेशन समेत अन्य सजावट के कार्य जारी है। बूढ़ेश्वर मंदिर समिति के नीलेश लुनिया, मुकेश सुखवानी व भावेश ने बताया कि 25 फरवरी की सुबह छह बजे से हल्दी कार्यक्रम, 26 को मेहंदी, 27 को मंगल गीत होंगे। 28 फरवरी को 24 घंटे अखंड जलाभिषेक होंगे, जो महाशिवरात्रि के दिन एक मार्च की सुबह साढ़े पांच बजे तक चलेगा। दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक विंध्यवासिनी मंदिर के पास गौशाला मैदान पर प्रसादी वितरण किया जाएगा। वहीं उज्जैन व बनारस से पहुंचे बाजे-गाजे व झांकियों के साथ गौशाला मैदान विंध्यवासिनी मंदिर के पास से दोपहर तीन बजे से भगवान महादेव की बारात निकलेगी, जो शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से होते हुए इतवारी बाजार पहुंचेगी। बारात का स्वागत श्री बोलबम कांवरिया कल्याण संघ द्वारा किया जाएगा। रात नौ बजे भजन संध्या मां पाताल भैरवी, श्री श्याम परिवार एवं रामधुनी परिवार द्वारा किया जाएगा। महाशिवरात्रि के दिन मंदिर में सुबह मंगल आरती दर्शन पूजन, साढ़े 12 बजे राजभोग आरती, महाभिषेक, महाआरती एवं भोग, महाश्रृंगार मंगल आरती, रूद्राभिषेक कार्यक्रम होंगे। उल्लेखनीय है कि बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर 1100 से 1300 वर्ष पुरानी मंदिर है। वहीं मंदिर में वृृंदावन के हेमंत बृजवासी भजन संध्या की प्रस्तुति रात नौ बजे देंगे।

नागदेव मंदिर में भी तैयारियां

नागदेव मंदिर समिति के पदाधिकारी दिलीप देवांगन ने बताया कि महाशिवरात्रि के दिन नागदेव मंदिर हटकेशर में रात्रि जागरन के साथ विविध कार्यक्रम होंगे। पर्व को लेकर मंदिर में तैयारियां शुरू हो गई है। इसी तरह बटुकेश्वर मंदिर धमतरी और रूद्री के रूद्रेश्वर मंदिर में भी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर तैयारी की जा रही है।