Triumph ने भारत में लॉन्च की नई 350cc बाइक, Royal Enfield को देगी टक्कर, जानें कीमत

भारतीय बाजार में सबसे पॉपुलर क्रूजर बाइक रॉयल एनफील्ड बुलेट 350 और क्लासिक 350 को टक्कर देने के लिए नई बाइक आ गई है. ट्रायम्फ मोटरसाइकिल ने अपनी बिल्कुल नई बाइक को लॉन्च कर दिया है, जिसका नाम ‘ट्रैकर 400’ है. बाइक की शुरुआत कीमत ₹2,46,225 (एक्स-शोरूम) रखी गई है. खास बात ये है कि बजाज और ट्रायम्फ के साथ भारतीय बाजार में आने वाली यह6वीं मोटरसाइकिल है.

ट्रायम्फ ट्रैकर 400 का डिजाइन ओवल डर्ट ट्रैक रेसिंग से इंस्पायर्ड है. इसमें चौड़े फ्लैट हैंडलबार, नए पोजीशन पर पर लगे फुटपेग, चौकोर शेप का फ्यूल टैंक, सीट कवर, फ्लाई स्क्रीन, नंबर बोर्ड और MRF REVZ FD1 टायरों से लैस डुअल-स्पोक व्हील दिए गए हैं. यह मोटरसाइकिल तीन कलर में उपलब्ध है, जिनमें रेसिंग येलो, फैंटम ब्लैक और एल्युमिनियम सिल्वर ग्लॉस का ऑप्शन है. यह एक फ्लेट ट्रेक इंस्पायर्ड मोटरसाइकिल है, जिसमें TR-सीरीज का 350cc सीसी इंजन दिया हुआ है. यह इंजन 40PS की पावर जनरेट करता है.

मिलेंगे ये फीचर्स
हार्डवेयर की बात करें तो, ट्रैकर 400 में एक स्पेशल चेसिस है जिसमें आगे की तरफ 43 मिमी के अपसाइड-डाउन बिग पिस्टन फोर्क हैं. पीछे की तरफ 140 मिमी ट्रैवल और प्रीलोड एडजस्टमेंट के साथ गैस मोनोशॉक आरएसयू है. ब्रेकिंग के लिए चार-पिस्टन रेडियल कैलिपर्स दिए गए हैं. इलेक्ट्रॉनिक्स में स्विच करने योग्य ट्रैक्शन कंट्रोल, एबीएस और टॉर्क-असिस्ट क्लच शामिल हैं. इंस्ट्रूमेंटेशन में सिंगल-डायल एनालॉग स्पीडोमीटर के साथ डिजिटल टैकोमीटर दिया गया है. सीट की ऊंचाई 805 मिमी है.

स्टाइलिश है ये बाइक
बजाज ऑटो के प्रोबाइकिंग प्रेसिडेंट माणिक नांगिया ने कहा, “स्पीड 400, स्क्रैम्बलर 400 एक्स और थ्रक्सटन को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है, जिससे युवा राइडर्स के बीच ट्रायम्फ की लोकप्रियता बढ़ी है. इसी रफ्तार को बनाए रखते हुए ट्रैकर 400 ज्यादा विकल्प लेकर आई है. अपने सिंपल डिजाइन के साथ, यह ज्यादा मजेदार, अधिक स्टाइलिश और एक स्पोर्टी राइड का एक्सपीरियंस देती है.” ट्रायम्फ ने बजाज ऑटो के साथ पार्टनरशिप कर 2023 में भारत में एंट्री की थी. अब कंपनी के 200 से ज्यादा शहरों में 230 से ज्यादा स्टोर हो गए हैं.