महिला सशक्तिकरण की दिशा में ‘बीमा सखी’ बन रही छत्तीसगढ़ में सुशासन का सशक्त मॉडल – vedantsamachar.in

महिला सशक्तिकरण की दिशा में ‘बीमा सखी’ बन रही छत्तीसगढ़ में सुशासन का सशक्त मॉडल

रायपुर,13 मई (वेदांत समाचार)। आज छत्तीसगढ़ विकास और सुशासन के एक ऐसे मॉडल के रूप में सामने आ रहा है, जिसमें योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने की प्रतिबद्धता साफ़ दिखाई देती है। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में सरकार ने “सबका साथ, सबका विकास” के मंत्र को ज़मीनी हकीकत में बदलने का निरंतर प्रयास किया है। एलआईसी बीमा सखी योजना (महिला करियर एजेंट – MCA) एक क्रांतिकारी शुरुआत बनकर उभरी है, जो ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही साथ सुशासन की अवधारणा को भी मजबूती प्रदान कर रही है।

आत्मनिर्भरता की ओर एक मज़बूत कदम है, MCA योजना की अवधारणा

9 दिसंबर 2024 से शुरू हुई यह योजना ग्रामीण महिलाओं को रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करने की दिशा में बहुत अच्छा काम कर रही है। MCAयोजना का उद्देश्य महिलाओं को केवल आय का साधन और वित्तीय साक्षरता देते हुए सामाजिक नेतृत्व में उनकी भूमिका मज़बूती से स्थापित करना है।

इस योजना में 10वीं पास महिलाएं एलआईसी एजेंट के रूप में प्रशिक्षण प्राप्त इनको तीन वर्षों तक वजीफा भी दिया जाता है। प्रथम वर्ष में 7,000 रुपए, द्वितीय वर्ष में 6,000 और तृतीय वर्ष में 5,000 रुपए का मासिक स्टाइपेंड यह सुनिश्चित करता है कि प्रशिक्षण के दौरान भी उनकी आय बनी रहे। छत्तीसगढ़ के साय सरकार की यह पहल यह दर्शाती है कि राज्य प्रशासन केवल रोजगार सृजन पर ही नहीं बल्कि सुरक्षित और स्थिर आय के अवसर प्रदान करने पर भी केंद्रित है।

योजनाओं का जमीनी क्रियान्वयन ही बन रहा सुशासन का उदाहरण

सुशासन का सबसे बड़ा मापदंड ही यही है कि योजनाएं प्रभावी तरीके से आम जनता तक पहुंचे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के शानदार नेतृत्व में यह सुनिश्चित किया गया है कि बीमा सखी योजना अधिक से अधिक ग्रामीण महिलाओं को इससे जोड़ा जाए और उसका लाभ ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचे।

राज्य के विभिन्न जिलों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को इस योजना के साथ जोड़ा जा रहा है। राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के सहयोग से यह पहल और अधिक प्रभावी बन रही है। महिलाओं को “बीमा सखी” के रूप में चिन्हांकित कर उन्हें एजेंट कोड प्रदान किया जा रहा है, जिससे वे अपने गांव और आसपास के क्षेत्रों में बीमा सेवाएं प्रदान कर सकें। यह न केवल महिलाओं को रोजगार दे रहा है, बल्कि ग्रामीण समाज में वित्तीय जागरूकता का भी विस्तार कर रहा है।

आर्थिक सशक्तिकरण से खुल रहे आय के नए द्वार

बीमा सखी योजना की सबसे बड़ी ख़ासियत है कि यह महिलाओं को बहुआयामी आय का अवसर प्रदान कर रही है। वजीफे के साथ पॉलिसी बेचने पर मिलने वाला कमीशन महिलाओं की आय को और बढ़ाता है। शुरुआती चार महीनों में प्रति माह एक पॉलिसी पर 2,000 रुपए अगले चार महीनों में 4,000 रुपए और अंतिम चार महीनों में 6,000 रुपए तक का कमीशन महिलाओं को एक स्थायी आय का स्रोत प्रदान करता है। इससे राज्य की महिलाओं की आर्थिक स्थिति में सुधार हो रहा है और वे अपने परिवार की जिम्मेदारियों को शानदार तरीके से निभा पा रही हैं।

सत्यवंती की कहानी दे रही बदलाव की प्रेरणा

बीमा सखी योजना की जमीनी सफलता की कहानियां बहुत ही प्रेरक हैं। ग्राम पंचायत जमुवाटाड़ में रहने वाली सत्यवंती इसकी एक जीती जागती मिसाल हैं। गरिमा स्व-सहायता समूह से जुड़ने के बाद सत्यवंती ने प्रशिक्षण प्राप्त किया और बीसी सखी और बीमा सखी के रूप में काम करना आरम्भ किया। आज वो अपने गांव में ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रही हैं और लोगों को जीवन बीमा के महत्व के बारे में जागरूक बना रही हैं।

पिछले पांच महीनों में लगभग 70,000 रुपए की आय अर्जित कर सत्यवंती ने न केवल अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत किया है बल्कि गांव की अन्य महिलाओं के लिए प्रेरणा भी बन गईं हैं। सत्यवंती की यह कहानी सिद्ध कर रही है कि यदि अवसर और सही मार्गदर्शन मिले तो ग्रामीण महिलाएं भी सफलता के नए शिखर में स्थापित हो सकती हैं।

वित्तीय समावेशन की दिशा में कदम से हो रहा ग्रामीण समाज में परिवर्तन

बीमा सखी योजना पूरे ग्रामीण समाज को प्रभावित कर रहा है। बीमा सखियां अपने स्थानीय ज्ञान और सामाजिक जुड़ाव से लोगों को कुशलता से बीमा के महत्व के बारे में जागरूक कर रही हैं। इससे ग्रामीण परिवारों को आकस्मिक परिस्थितियों में आर्थिक सुरक्षा भी मिल और उनका भविष्य भी सुरक्षित बन रहा है। राज्य सरकार की यह पहल वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देते हुए सामाजिक सुरक्षा के दायरे को व्यापक बना रही है।

पारदर्शिता और भागीदारी बन रही सुशासन की पहचान

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में यह योजना सुशासन के उन सभी मापदंडों पर खरी उतर रही है जिनमें पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी शामिल हैं। बीमा सखी योजना के तहत चयन प्रक्रिया स्पष्ट और बहुत सरल है। प्रशिक्षण व्यवस्थित है और इसकी भुगतान प्रणाली पारदर्शी है। इस पारदर्शिता के चलते इस योजना के प्रति महिलाओं का विश्वास बढ़ा है और वे उत्साह के साथ इस में भाग ले रही हैं।

बीमा सखी योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाते हुए उन्हें सामाजिक रूप से भी सशक्त भी बना रही है। आज बीमा सखी गांव-गांव जाकर लोगों को बीमा योजनाओं के बारे में बताकर उनके जीवन को सुरक्षित बनाने में अपना योगदान दे रही हैं।

बीमा सखी- आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ की दिशा में एक मज़बूत कदम

बीमा सखी योजना छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक ज़बरदस्त कदम साबित हो रही है। प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में फलीभूत होती ऐसी योजनाएं दर्शाती हैं कि सरकार विकास को समावेशी और टिकाऊ बनाने के लिए कितनी उत्सुक और प्रतिबद्ध है।

बीमा सखी योजना छत्तीसगढ़ में सुशासन, महिला सशक्तिकरण और आर्थिक विकास लाने वाली योजना है जो यह सिद्ध करती है कि सही नीतियों और प्रभावी नेतृत्व से समाज के हर वर्ग को विकास की मुख्यधारा में शामिल किया जा सकता है।

बीमा सखी योजना राज्य के मुखिया के उस सोच का परिणाम है जिसमें हर महिला आत्मनिर्भर बने, हर परिवार सुरक्षित हो और हर गांव समृद्धि की ओर अग्रसर हो।