रायगढ़,06 अप्रैल (वेदांत समाचार)। मध्यप्रदेश के पचमढ़ी स्थित भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय साहसिक संस्थान में 30 मार्च से 4 अप्रैल 2026 तक आयोजित राज्य स्तरीय पर्वतारोही व्यक्तित्व विकास एवं आपदा प्रबंधन शिविर का सफल समापन हुआ। इस शिविर में रायगढ़ जिले के विभिन्न विद्यालयों से 18 स्काउट-रोवर एवं 18 गाइड-रेंजर ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
शिविर का आयोजन जिला मुख्य आयुक्त (DEO) डॉ. के.डी. राव के निर्देशन में संपन्न हुआ। वहीं जिला सचिव विकास तिवारी, DOC रामाधार चौधरी एवं DTC जितेन्द्र कुमार इनसेना के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों ने विविध साहसिक गतिविधियों में हिस्सा लेकर अपने कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
शिविर के दौरान रॉक क्लाइम्बिंग, आर्चरी, राइफल शूटिंग, हॉर्स राइडिंग, टायर वॉल, राशियन वॉल, चिमनी क्लाइम्बिंग, स्काई साइक्लिंग, रैपलिंग, ब्रिज क्रॉसिंग एवं वोटिंग जैसी रोमांचक गतिविधियां आयोजित की गईं। इन गतिविधियों के माध्यम से बच्चों ने न केवल साहस और आत्मविश्वास का परिचय दिया, बल्कि टीमवर्क और नेतृत्व क्षमता का भी प्रदर्शन किया।
इसके साथ ही प्रतिभागियों को कठिन परिस्थितियों में निर्णय लेने, समूह में समन्वय बनाए रखने और आत्मनिर्भर बनने जैसे महत्वपूर्ण जीवन कौशलों का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। शिविर के दौरान राजेन्द्रगिरी, जटाशंकर, बी फॉल, बाइसन लॉज एवं पाण्डव गुफा जैसे सतपुड़ा क्षेत्र के प्रमुख स्थलों में ट्रेकिंग कराई गई, जिसने बच्चों के अनुभव को और समृद्ध किया।

ट्रेकिंग कार्यक्रम जिला प्रभारी मोहर साय लहरे एवं गिरधारी यादव के निर्देशन तथा कु. सिंधुलता सरल एवं कु. पवित्रा सिदार के नेतृत्व में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
वापसी पर रायगढ़ रेलवे स्टेशन में स्थानीय सचिव खरसिया दीपक कुमार राठे द्वारा प्रतिभागियों एवं प्रभारियों का फूल-मालाओं एवं गुलदस्तों से भव्य स्वागत किया गया। इसके पश्चात जिला स्काउट कार्यालय में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए।
इस अवसर पर जिला सचिव विकास तिवारी एवं रामाधार चौधरी ने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार के शिविर युवाओं के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
