नव विवाहिता की पति ने ही गला दबाकर कर दी हत्या, 10 महीने पहले ही हुई थी शादी

बिलासपुर, 2 फरवरी (वेदांत समाचार)। बिलासपुर में नव विवाहिता की उसके ही पति ने गला दबाकर हत्या कर दी। घटना मंगलवार शाम 7 बजे की है। परिजन पूरी रात मामले को दबाए रहे और सुबह पुलिस की डॉयल 112 को सूचना दी। पुलिस आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मामला सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम रांक की है।

जानकारी के अनुसार रांक के रहने वाला विजय रात्रे (24) पिता सदानंद मजदूरी करता है। करीब 10 माह पहले ही उसकी शादी ग्राम नरगोड़ा की रहने वाली रितू (21) से हुई थी। रितू अपने मायके गई थी। मंगलवार को पति उसे मायके से लेकर घर आया। शाम करीब 7 बजे वह शराब के नशे में अपने घर पहुंचा और पत्नी से विवाद करने लगा। दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि विजय ने अपनी पत्नी रितू का गला दबा दिया। जिससे उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद विजय फरार हो गया था।

बहू की मौत और हत्या की इस घटना को विजय के परिजन पूरी रात दबाए रहे। उनके मायके वालों को भी सूचना नहीं दी। सुबह सुनियोजित तरीके से परिजनों ने इसे आत्महत्या बताया और ग्रामीणों को इस घटना की जानकारी दी। इसके बाद लड़की के मायके वालों को बताया गया। मायके वाले पहुंचे, तब उन्हें संदेह हुआ और पुलिस को हत्या की खबर दी। पुलिस की डायल 112 की टीम गांव पहुंची और इस घटना के बाद से फरार विजय की तलाश कर उसे पकड़कर सीपत थाने के हवाले कर दिया। नव विवाहिता के परिजनों का कहना है कि रितु ने फांसी लगाई है। हमने उसका शव फांसी के फंदे से उतारा है।