रायपुर में सघन चेकिंग अभियान, उपद्रव करने वाले 09 युवकों पर कार्रवाई, सभी को जेल भेजा गया

रायपुर, 05 अप्रैल 2026। डीसीपी सेंट्रल ज़ोन के निर्देश पर कोतवाली डिवीजन क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें असामाजिक गतिविधियों में लिप्त 09 युवकों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई और उन्हें न्यायालय से वारंट प्राप्त कर केन्द्रीय जेल भेजा गया।

अभियान के दौरान विशेष रूप से चिन्हांकित उपद्रव स्थलों पर निगरानी रखी गई और शराब भट्ठियों एवं अहातों के आसपास सघन जांच की गई। इस कार्रवाई के तहत थाना गंज क्षेत्र के तेलघानी नाका के पास सार्वजनिक स्थान पर संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाए गए शिवा नायक (19 वर्ष) निवासी राम नगर, थाना गुढियारी और पिंकू उर्फ बाला जायसवाल (20 वर्ष) निवासी अशोक नगर सहित अन्य व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।

साथ ही बैजनाथ पारा क्षेत्र में इवेंट कंपनी में कार्यरत 07 युवकों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। ये युवक शराब के नशे में ई-रिक्शा में खतरनाक ढंग से वाहन चलाते हुए उपद्रव कर रहे थे और आमजन में भय का वातावरण निर्मित कर रहे थे।

सभी 09 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170/126 और 135(3) के तहत कार्रवाई की गई और विशेष कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय से वारंट प्राप्त कर उन्हें केन्द्रीय जेल भेजा गया।

पुलिस ने बताया कि यह अभियान क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने, उपद्रव करने वाले तत्वों पर नियंत्रण स्थापित करने और नागरिकों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से निरंतर जारी रहेगा।