कोरबा, 05 अप्रैल 2026। जिले के दर्री थाना क्षेत्र स्थित एनटीपीसी कावेरी विहार कॉलोनी में एक युवक की बेरहमी से पिटाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक को नग्न कर सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटते हुए देखा जा सकता है, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है।
जानकारी के अनुसार पीड़ित युवक की पहचान अमरदास के रूप में हुई है, जो कावेरी विहार के सर्वेंट क्वार्टर में रहता है। उसकी पत्नी कॉलोनी के अधिकारियों के घरों में घरेलू काम करती है। बताया जा रहा है कि अमरदास शराब का आदी है और घटना के दिन भी वह नशे की हालत में था।
स्थानीय लोगों के मुताबिक अमरदास ने अपने एक परिचित की बाइक ली थी और शराब पीने चला गया। वह वापस तो लौटा, लेकिन बाइक साथ नहीं लाया। आरोप है कि उसने बाइक बेच दी थी। इसी बात को लेकर बाइक मालिक ने गुस्से में आकर उसकी जमकर पिटाई कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने अमरदास को कपड़े उतारकर नग्न कर दिया और सड़क पर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान राहगीरों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की और घटना की जानकारी ली। मारपीट के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई और किसी ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
पिटाई के बाद युवक खून से लथपथ हालत में इधर-उधर भागता नजर आया। कॉलोनी के कुछ लोगों ने उसे वहां से जाने के लिए कहा। यह पूरी घटना करीब एक सप्ताह पहले की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
इस मामले में दर्री थाना प्रभारी आशीष सिंह ने बताया कि अभी तक पुलिस के पास कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। शिकायत मिलने पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
