छत्तीसगढ़ : संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप – vedantsamachar.in

छत्तीसगढ़ : संदिग्ध हालात में विवाहिता की मौत, मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर लगाए प्रताड़ना के आरोप

बिलासपुर, 12 मई (वेदांत समाचार)। बिलासपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत का मामला सामने आने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामला बेलगहना थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान दीक्षा कुशवाहा उर्फ पुनीता के रूप में हुई है। वह बेलगहना क्षेत्र में अपने ससुराल में रह रही थी। परिजनों को ससुराल वालों ने सूचना दी कि दीक्षा की पलंग से गिरने के कारण मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

मृतका के मायके पक्ष ने इस मौत को संदिग्ध बताते हुए सास और ससुर पर लंबे समय से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि दीक्षा को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान किया जाता था। उन्होंने दावा किया कि मौत से पहले दीक्षा ने अपने भाई को फोन कर अपनी परेशानी बताई थी।

परिवार के लोगों के मुताबिक पिछले दो दिनों से दीक्षा का मोबाइल फोन भी बंद आ रहा था, जिससे उन्हें पहले से ही किसी अनहोनी की आशंका थी। घटना के बाद मायके पक्ष ने पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराने और न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जांच कराने की मांग की है।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। वहीं मृतका के परिजन आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।