बिलासपुर, 26 जून 2026 (वेदांत समाचार)। अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर बिलासपुर पुलिस ने जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उप पुलिस महानिरीक्षक रजनेश सिंह के निर्देशन में आयोजित इस अभियान के तहत जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में रैली निकालकर लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया। इस दौरान युवाओं, महिलाओं, बच्चों और आम नागरिकों से नशे से दूर रहने तथा स्वस्थ और सुरक्षित समाज के निर्माण में सहयोग करने की अपील की गई।
भारत सरकार द्वारा 17 जून से 26 जून तक मनाए जा रहे ‘नशा मुक्त भारत सप्ताह’ के समापन दिवस पर बिलासपुर पुलिस ने जिलेभर में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। एसएसपी रजनेश सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे ‘चेतना अभियान’ के अंतर्गत विभिन्न चरणों में लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जा रहा है। अंतिम दिन सभी थाना और चौकी प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को नशा मुक्त समाज बनाने का संदेश दिया।
जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में थाना प्रभारियों के साथ अभियान में भाग लिया। रैली के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को बताया कि नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार और समाज पर भी इसका गंभीर दुष्प्रभाव पड़ता है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) पंकज पटेल, सीएसपी निमितेश सिंह, रक्षित निरीक्षक भूपेंद्र कुमार गुप्ता, निरीक्षक देवेश सिंह, निरीक्षक रवींद्र अनंत, निरीक्षक नीलेश पांडेय सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने आम जनता के बीच पहुंचकर नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और विशेष रूप से युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी।
बिलासपुर पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ केवल कानूनी कार्रवाई ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि जनजागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है। इसी उद्देश्य से लगातार जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं ताकि समाज को नशा मुक्त बनाया जा सके। पुलिस ने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, जिससे समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

