जांजगीर-चांपा, 26 जून 2026 (वेदांत समाचार)। जांजगीर-चांपा जिले की सारागांव पुलिस ने पशु तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर नाकेबंदी कर एक पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें चार बैलों को क्रूरतापूर्वक ठूंसकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने पिकअप वाहन और मवेशियों को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, थाना प्रभारी सारागांव निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी के निर्देशन में पुलिस टीम बीती रात नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बाराद्वार की ओर से एक सफेद रंग की पिकअप वाहन (CG12 E-0907) में मवेशियों को भरकर ले जाया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम सक्रिय हुई और राइस मिल के पास सड़क पर नाकेबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोक लिया।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को पिकअप के अंदर चार बैल बेहद क्रूरतापूर्वक ठूंसकर भरे हुए मिले। पुलिस ने तत्काल मवेशियों को मुक्त कराया और वाहन को जब्त कर लिया।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नर्मदा पटेल (65 वर्ष), निवासी सुलौनी, जिला सक्ती, गंगाराम पटेल (42 वर्ष), निवासी सुलौनी, जिला सक्ती तथा अभिषेक अग्रवाल (24 वर्ष), निवासी बाराद्वार, जिला सक्ती के रूप में हुई है।
सारागांव पुलिस ने तीनों आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ कृषि पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 के तहत वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सूर्यवंशी, पीएसआई व्योमेश, एएसआई राजेश सिंह तथा पुलिस टीम के अन्य जवानों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में पशु तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा कानून का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

