CG ब्रेकिंग : 13 सरकारी स्कूलों का बोर्ड रिजल्ट खराब, डीईओ ने प्राचार्यों को जारी किया नोटिस – vedantsamachar.in

CG ब्रेकिंग : 13 सरकारी स्कूलों का बोर्ड रिजल्ट खराब, डीईओ ने प्राचार्यों को जारी किया नोटिस

खैरागढ़, 12 मई (वेदांत समाचार)। जिले के सरकारी स्कूलों का इस वर्ष 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणाम शिक्षा विभाग के लिए चिंता का विषय बन गया है। कई स्कूलों में छात्रों का प्रदर्शन बेहद खराब रहने पर जिला शिक्षा अधिकारी मुकुल साव ने सख्त रुख अपनाया है। खराब परीक्षा परिणाम देने वाले 13 शासकीय स्कूलों के प्राचार्यों को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

शिक्षा विभाग द्वारा जारी नोटिस में स्पष्ट कहा गया है कि बोर्ड परीक्षाओं में कमजोर परिणाम अध्ययन-अध्यापन में लापरवाही, विद्यार्थियों की नियमित मॉनिटरिंग में कमी और शिक्षकों की उदासीनता को दर्शाता है। जिले में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों के फेल और पूरक आने को विभाग ने गंभीरता से लिया है।

खैरागढ़ ब्लॉक के जालबांधा पीएमश्री स्कूल का 10वीं बोर्ड परिणाम मात्र 54 प्रतिशत रहा। वहीं जिला मुख्यालय स्थित स्वामी आत्मानंद बख्शी स्कूल में 12वीं कृषि संकाय का रिजल्ट केवल 34 प्रतिशत दर्ज किया गया। इन परिणामों को शिक्षा विभाग ने बेहद चिंताजनक मानते हुए संबंधित प्राचार्यों से स्पष्टीकरण मांगा है।

जानकारी के अनुसार, छुईखदान ब्लॉक के 11 और खैरागढ़ ब्लॉक के 2 स्कूलों के प्राचार्यों को नोटिस जारी किया गया है। सबसे खराब प्रदर्शन शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कटंगी का रहा, जहां 10वीं बोर्ड का परिणाम केवल 24 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं 12वीं कला संकाय का रिजल्ट 56 प्रतिशत रहा।

इसी तरह शासकीय कन्या उमाशाला गंडई में 10वीं का परिणाम सिर्फ 25 प्रतिशत रहा। शासकीय हाईस्कूल ठंडार का रिजल्ट 45 प्रतिशत, शासकीय हाईस्कूल खुड़मुड़ी का 46 प्रतिशत और शासकीय हाईस्कूल कुटेलीकला का परिणाम 53 प्रतिशत दर्ज किया गया।

इसके अलावा शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बुंदेली में 54 प्रतिशत, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला धोधा में 56 प्रतिशत और शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला जंगल में 54 प्रतिशत छात्र ही परीक्षा में सफल हो सके।

12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम भी कई स्कूलों में बेहद निराशाजनक रहे। शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बकरकट्टा में 12वीं कला संकाय का परिणाम केवल 20 प्रतिशत दर्ज किया गया। वहीं शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला रामपुर में 51 प्रतिशत और स्वामी आत्मानंद स्कूल साल्हेवारा में 53 प्रतिशत विद्यार्थी ही परीक्षा में सफल हो सके।

शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के सरकारी स्कूलों में हड़कंप मचा हुआ है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि खराब परीक्षा परिणामों के लिए जिम्मेदार माने जा रहे प्राचार्यों और शिक्षकों पर विभाग आगे क्या कार्रवाई करता है।