मुंबई। दर्शकों के बीच लोकप्रिय टीवी शो ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ अब एक खास और भावनात्मक एपिसोड लेकर आ रहा है। इस विशेष एपिसोड में ब्लॉकबस्टर गुजराती फिल्म ‘लालो- कृष्ण सदा सहायते’ की स्टारकास्ट नजर आएगी। फिल्म का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर 17 मई को दोपहर 1 बजे सोनी मैक्स पर किया जाएगा। खास बात यह है कि फिल्म हिंदी और गुजराती दोनों भाषाओं में प्रसारित होगी।
गुजराती सिनेमा में नया इतिहास रचने वाली फिल्म ‘लालो’ ने वैश्विक स्तर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर बड़ी सफलता हासिल की है। अब फिल्म टीवी दर्शकों के लिए भी उपलब्ध होने जा रही है। इसी के साथ ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ और ‘लालो’ की दुनिया को जोड़ते हुए एक भावनात्मक कहानी दर्शकों के सामने पेश की जाएगी।
आने वाले एपिसोड्स में शो की मुख्य किरदार पुष्पा, जिसका किरदार अभिनेत्री करुणा पांडे निभा रही हैं, एक आध्यात्मिक और भावनात्मक यात्रा से गुजरती नजर आएंगी। कहानी में फिल्म ‘लालो’ के किरदार कृष्ण, जिसे श्रुहद गोस्वामी निभा रहे हैं, और तुलसी, जिनका किरदार रीवा रच्छ निभा रही हैं, पुष्पा के जीवन में खास भूमिका निभाते दिखाई देंगे।

कहानी के अनुसार मदर्स डे के मौके पर अकेलापन महसूस कर रही पुष्पा कृष्ण के घर रात बिताती है। वहां उसकी मुलाकात किसना नाम के एक मासूम बच्चे से होती है, जो उसे “मैयाँ” कहकर बुलाता है। किसना अपनी सादगी, काठियावाड़ी चाय और बाँसुरी की मधुर धुनों से पुष्पा को मातृत्व के भाव से जोड़ देता है। अगले दिन किसना अचानक गायब हो जाता है और मंदिर उत्सव के दौरान पुष्पा को एहसास होता है कि वह स्वयं भगवान कृष्ण थे, जो उसे जीवन में प्रेम और विश्वास का संदेश देने आए थे।
अभिनेत्री करुणा पांडे ने इस खास सहयोग को लेकर कहा कि ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ हमेशा रिश्तों और भावनाओं की खूबसूरती को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ‘लालो’ जैसी सफल फिल्म के साथ यह जुड़ाव बेहद खास और स्वाभाविक महसूस हुआ। उन्होंने उम्मीद जताई कि दर्शकों को दोनों कहानियों का यह मेल बेहद पसंद आएगा।
वहीं फिल्म में कृष्ण का किरदार निभाने वाले अभिनेता श्रुहद गोस्वामी ने कहा कि ‘लालो’ को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है और अब ‘पुष्पा इम्पॉसिबल’ का हिस्सा बनना उनके लिए यादगार अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि शो और फिल्म दोनों में भावनात्मक गर्माहट और पारिवारिक जुड़ाव की समान भावना है, जिसे दर्शक जरूर पसंद करेंगे।
दर्शक ‘लालो- कृष्ण सदा सहायते’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर 17 मई को दोपहर 1 बजे सिर्फ सोनी मैक्स पर देख सकेंगे।

