बिलासपुर, 11 मई (वेदांत समाचार)। बिलासपुर के सरकंडा थाना क्षेत्र में मारपीट और अवैध हथियार रखने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक धारदार बटनदार चाकू भी बरामद किया है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी प्रियांशु शुक्ला ने थाना सरकंडा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 3 मई 2026 की सुबह वह अपने साथियों के साथ नूतन चौक स्थित अपना मार्ट के पास खड़ा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर आरोपी राजा यादव अपने साथियों लिल्ली नाई और बदकू यादव के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने प्रार्थी और उसके साथियों के साथ मारपीट की तथा जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना में प्रार्थी के साथी युवराज पाण्डेय को गंभीर चोटें आईं। शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने अपराध क्रमांक 617/2026 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 351(3), 3(5) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत मामला कायम कर जांच शुरू की।
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी सरकंडा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी राजा यादव, पिता विनोद यादव, उम्र 21 वर्ष, निवासी नूतन चौक अटल आवास, थाना सरकंडा, जिला बिलासपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्टील का धारदार बटन वाला चाकू बरामद किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। वहीं घटना में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
सरकंडा पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद क्षेत्र के असामाजिक तत्वों में डर का माहौल देखा जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने भी पुलिस की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।

