- “खुशियों की चाबी” ने बदली जिंदगी, पीएम आवास योजना के तहत श्री धीरेंद्र कुमार को मिला नया आशियाना
जांजगीर-चांपा 11 मई 2026। जनपद पंचायत अकलतरा के ग्राम सोनसरी निवासी धीरेंद्र कुमार कुर्रे के लिए सुशासन तिहार 2026 खुशियों की नई सौगात लेकर आया। वर्षों तक कच्चे मकान में जीवन यापन करने वाले धीरेंद्र कुमार कुर्रे का पक्के घर का सपना अब साकार हो गया है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत उन्हें अपने सपनों का आशियाना मिल जाने से अब उनका परिवार सुरक्षित और सम्मानपूर्वक जीवन यापन कर रहा है।
धीरेंद्र कुमार कुर्रे ने बताया कि पहले उनका परिवार कच्चे मकान में रहता था। बारिश के मौसम में घर की छत से पानी टपकता था और गर्मी के दिनों में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। परिवार हमेशा एक मजबूत और सुरक्षित घर की उम्मीद लगाए बैठा था। पीएम आवास योजना के तहत पक्का मकान मिलने के बाद अब उनके परिवार को राहत मिली है और घर में खुशियों का माहौल है।
उन्होंने कहा कि नया घर मिलने से परिवार को सुरक्षा, सुविधा और आत्मविश्वास मिला है। श्री धीरेंद्र कुमार कुर्रे ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अब सीधे जरूरतमंद लोगों तक पहुंच रहा है, जिससे आम लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आ रहा है।

