जशपुर में शिक्षिका ने कांस्टेबल पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, शादी का झांसा देकर शोषण और गर्भपात कराने की शिकायत – vedantsamachar.in

जशपुर में शिक्षिका ने कांस्टेबल पर लगाया दुष्कर्म का आरोप, शादी का झांसा देकर शोषण और गर्भपात कराने की शिकायत

जशपुर, 11 मई (वेदांत समाचार)। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में एक शिक्षिका ने पुलिस विभाग में पदस्थ एक कांस्टेबल पर दुष्कर्म, मानसिक प्रताड़ना और जबरन गर्भपात कराने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी आरक्षक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला कांसाबेल थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता शिक्षिका ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वर्ष 2020 में उसके पति की मृत्यु हो गई थी। पति के निधन के बाद वह अपने दो बच्चों के साथ अकेले जीवन यापन कर रही थी। इसी दौरान वर्ष 2023 में फेसबुक के जरिए उसकी पहचान आरक्षक रूद्रमणी यादव से हुई। सोशल मीडिया पर बातचीत के बाद दोनों के बीच संपर्क बढ़ा और आरोपी ने महिला के करीब आने की कोशिश की।

शिकायत में महिला ने बताया कि 28 अप्रैल 2023 को आरोपी उसे घूमाने के बहाने बटईकिला क्षेत्र लेकर गया। वहां सुनसान स्थान पर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद आरोपी लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा और विरोध करने पर दबाव और धमकी देता था।

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन दोनों बार आरोपी ने दवा खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया। लगातार मानसिक प्रताड़ना और दबाव से परेशान होकर जब उसने आरोपी से दूरी बनानी चाही तो आरोपी उस पर संबंध बनाए रखने के लिए दबाव डालने लगा।

पीड़िता के अनुसार, विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करता था और उसके परिवार वालों को फोन कर बदनाम करने की कोशिश करता था। महिला ने शिकायत में यह भी कहा है कि आरोपी ने उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।

शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि आरोपी खुद को बड़े अधिकारियों से पहचान होने की बात कहकर महिला को डराता-धमकाता था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 376(2)(N) सहित अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।