बिलासपुर, 11 मई 2026। उर्स त्योहार के दौरान आम लोगों को चाकू लहराकर डराने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले दो युवकों पर बिलासपुर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। सिविल लाइन थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को धारदार हथियारों के साथ गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्त संदेश दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पहला मामला तारबहार क्षेत्र से जुड़ा है। उर्स के अवसर पर घोड़ादाना स्कूल तारबहार से संदल की एक टोली चादर लेकर निकली थी। जुलूस जब पुलिस लाइन बिलासपुर के पास पहुंचा, तभी पैर टकराने की बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद के दौरान आरोपी हर्ष खांडे ने लोहे का बड़ा धारदार चाकू निकालकर लहराना शुरू कर दिया, जिससे वहां मौजूद लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी वहां से भाग निकला। बाद में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपी की पहचान की गई और खोजबीन कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से एक बड़ा धारदार चाकू जब्त किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हर्ष खांडे पिता मनोज खांडे, उम्र 18 वर्ष, निवासी घोड़ादाना स्कूल के पास तारबहार, जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।
वहीं दूसरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र के मगरपारा चौक का है। उर्स के अवसर पर तालापारा से संदल की दूसरी टोली चादर लेकर निकली थी। इसी दौरान आरोपी अब्दुल अजीम खान हाथ में चापड़नुमा धारदार हथियार लेकर लोगों के बीच लहराते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी अब्दुल अजीम खान पिता अब्दुल हारून रसीद खान, उम्र 18 वर्ष, निवासी मरीमाई तालापारा थाना सिविल लाइन, जिला बिलासपुर बताया गया है। उसके कब्जे से लोहे का धारदार चापड़नुमा हथियार बरामद किया गया है।
दोनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धारा 25 और 27 के तहत कार्रवाई की है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहारों के दौरान कानून व्यवस्था बिगाड़ने, हथियार लहराकर दहशत फैलाने और आम लोगों को डराने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
बिलासपुर पुलिस ने कहा है कि शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार पेट्रोलिंग और निगरानी की जा रही है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।

